Kanpur में नहीं थम रहा डेंगू का प्रकोप, संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 500 के पार, स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें दिया नोटिस
कानपुर में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू संक्रमितों का आंकडा 500 के पार पहुंच गया है। वहीं, मेडिकल कॉलेज और उर्सला में रिपोर्ट में नए 69 संक्रमित मिले है। जिलाधिकारी ने सीएमओ और अन्य अधिकारियों संग बैठक की है।
कानपुर, अमृत विचार। डेंगू का प्रकोप दिन ब दिन बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार की शाम को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग और उर्सला अस्पताल की पैथोलॉजी से आई रिपोर्ट में 69 के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जनवरी से अब तक डेंगू के 500 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम समेत अन्य विभागों के पसीने छूट गए हैं।
जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने बुधवार को सीएमओ डॉ. आलोक रंजन और अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों संग बैठक कर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों की जांच और घर-घर जाकर लार्वा टेस्टिंग के निर्देश दिए। सक्रिय संक्रमितों और उनके परिजनों की लगातार मॉनीटरिंग के लिए कहा है।
इन क्षेत्रों में मिले नए संक्रमित
नए संक्रमित कल्याणपुर, मंधना, बाबूपुरवा, चकेरी, कृष्णापुरम, पनकी, बिठूर, शिवली, अंबेडकरपुरम, सचेंडी, ईदगाह, ढकनापुरवा आदि क्षेत्रों से हैं। कई केस आसपास के जिलों से आए हैं। सीएमओ ने बताया कि टीमें लगी हुई हैं। केस बढ़ रहे हैं। लोगों को जागरूक होना होगा। घर में पानी को जमा न होने दिया जाए।
प्रशासनिक अधिकारी के यहां मिला लार्वा
शहर के एक प्रशासनिक अधिकारी के घर में रखे मनी प्लांट में लार्वा मिला है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी, जिस पर उन्होंने सारा पानी हटवा दिया। सीएमओ के मुताबिक काफी संख्या में लोगों को जानकारी नहीं है कि उनके यहां लार्वा तैयार हो रहे हैं। यह लार्वा घर में रहने वालों को मच्छर बनकर डंक चुभोता है।
दो दर्जन लोगों को दिया नोटिस
स्वास्थ्य विभाग की ओर से दो दर्जन से अधिक लोगों को नोटिस दिया गया है। इनके घर्रों के बाहर रखे बर्तन में पानी भरा हुआ था। यह पानी जानवरों, पक्षियों के लिए रखा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हे नियमित पानी बदलने की सलाह दी। कुछ लोगों के घरों के ऊपर रखे गमले, पेंट के डिब्बे, इस्तेमाल न हो रही पानी की टंकी आदि में लार्वा पाए गए।
हैलट, उर्सला में सर्दी, वायरल के 73 मरीज भर्ती
हैलट और उर्सला अस्पताल में बुधवार को सर्दी, वायरल, बुखार, निमोनिया, डायरिया के 73 मरीज भर्ती हुए हैं। उनका इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। काफी संख्या में रोगियों में डेंगू जैसे लक्षण नजर आए। उनको एलाइजा टेस्ट के लिए भेजा गया।
वायरल मायोसाइटिस के रोगी आए
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रो. जेएस कुशवाहा ने बताया कि वायरल मायोसाइटिस के रोगी आने शुरू हो गया हैं। इसमें वायरल का हमला हड्डियों की बजाय मांसपेशियों पर होता है। मरीज को चलने फिरने में काफी कठिनाई हो जाती है। उनेकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत भर्ती करना पड़ रहा है।
