IND vs NZ T20I Series : 'मैं ब्रेक में विश्वास नहीं करता...', रवि शास्त्री ने टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ पर उठाए सवाल
रवि शास्त्री ने कहा, मैं ब्रेक में विश्वास नहीं करता। मैं अपनी टीम और खिलाड़ियों को समझना चाहता हूं
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2022 के बाद भारतीय टीम इस समय न्यूजीलैंड दौरे पर है जहां उसे तीन-तीन मैचों की वनडे और टी20 सीरीज में भाग लेना है। इस दौरे के लिए कप्तान रोहित शर्मा समेत सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है, जिसके चलते हार्दिक पंड्या टी20 और शिखर धवन वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं सीनियर खिलाड़ियों के साथ हेड कोच राहुल द्रविड़ को भी ब्रेक मिला है। द्रविड़ की अनुपस्थिति में वीवीएस लक्ष्मण बतौर कोच टीम के साथ न्यूजीलैंड गए हैं। टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने राहुल द्रविड़ के ब्रेक लेने पर सवाल खड़े किए हैं।
रवि शास्त्री ने कहा है कि एक कोच को व्यावहारिक होना चाहिए, अपने खिलाड़ियों के साथ अधिक समय बिताना चाहिए और बार-बार ब्रेक नहीं लेना चाहिए। यह पहली बार नहीं है कि द्रविड़ ने आराम लिया है। इससे पहले वह आयरलैंड और जिम्बाब्वे के दौरे पर भी नहीं गए थे। दोनों ही मौके पर वीवीएस लक्ष्मण ने कार्यभार संभाला था।
'मैं ब्रेक में विश्वास नहीं करता'
भारत-न्यूजीलैंड के बीच पहले टी20 से पहले वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वेलिंग्टन में रवि शास्त्री ने कहा, मैं ब्रेक में विश्वास नहीं करता। मैं अपनी टीम और खिलाड़ियों को समझना चाहता हूं और फिर उस टीम के नियंत्रण में रहना पसंद करता हूं। ईमानदारी से कहूं तो आपको इतने ब्रेक की क्या जरूरत है? आपको आईपीएल के दो-तीन महीने मिलते हैं। जो एक कोच के रूप में आराम करने के लिए काफी है। दूसरी बात जो मुझे लगती है वो यह है कि एक कोच को व्यावहारिक होना चाहिए चाहे वह कोई भी हो।
ये भी पढ़ें : IND vs NZ T20I Series : न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 के साथ नई शुरुआत करने उतरेगा भारत
