अल्मोड़ा: यहां ट्रक में महिला की चिल्लाने के आवाज पर दौड़ी पुलिस, सच पता चलने पर किया चालान
अल्मोड़ा, अमृत विचार। दो ट्रक चालकों के बीच आपसी विवाद के दौरान एक चालक ने दूसरे को फंसाने के लिए पुलिस को ट्रक में महिला के साथ अपराध होने की आशंका की झूठी सूचना दे दी। झूठी सूचना पर पुलिस ने सीमाओं पर नाकाबंदी और चेकिंग तेज कर दी। लेकिन बाद में सच पता चलने पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। इसी के साथ दोनों के डीएल निरस्त कर दिए गए हैं।
बीते मंगलवार एक ट्रक चालक ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि ट्रक संख्या यूके 04 सीए 2157 में किसी महिला के चिल्लाने की आवाज आ रही है। ट्रक चालक ने महिला से अपराध होने की आशंका जताई। सूचना पर सोमेश्वर और अल्मोड़ा पुलिस ने ताकुला बॉर्डर, कोसी कस्बा, सोमेश्वर समेत जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया। जगह-जगह गश्त कर ट्रक की तलाश की गई। इसके बाद सूचना देने वाले ट्रक चालक से पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि शराब के नशे में उसका दूसरे चालक से विवाद हो गया था, जिसके चलते उसे फंसाने के मकसद से पुलिस को गलत सूचना दे दी।
इस पर सोमेश्वर थानाध्यक्ष विजय सिंह नेगी ने झूठी सूचना देने वाले ट्रक चालक अशोक कुमार निवासी ग्राम झुपुलचौरा के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई की। कार्रवाई करते हुए उससे पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। दोनों ट्रक एक ही मालिक के थे, चालकों के बीच विवाद के कारण यह मामला हुआ। पुलिस को गुमराह करने और आपसी विवाद करने वाले दोनों चालकों के वाहनों का कोर्ट चालान कर दोनों के डीएल निरस्त कर दिए गए हैं।
