हल्द्वानी: बेटी के तलाक से आहत पिता ने जहर खाकर जान दी
हल्द्वानी, अमृत विचार। बेटी के तलाक से तनाव में चल रहे एक व्यक्ति ने जहर खा लिया। उन्हें गंभीर अवस्था में उपचार के लिए एसटीएच में भर्ती कराया गया। जहां रात में उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जयपुर बीसा मोटाहल्दू निवासी जमन सिंह खत्री (54) पुत्र राम सिंह खत्री पेशे से किसान थे। वह यहां अपनी पत्नी हेमा देवी, बेटे पंकज, योगेश, बहू प्रियंका व नाती के साथ रहते थे। वह कई साल पहले अपनी दो बेटियों दिव्या की बिंदुखत्ता व नेहा की नानकमत्ता में शादी कर चुके थे।
बड़े बेटे पंकज ने बताया कि 14 साल बाद बड़ी बहन दिव्या का अपने पति मनोज से एक सप्ताह पहले तलाक हो गया था। मनोज दिव्या को छोटी बहन के घर छोड़ गया था। जहां से वह अपने पिता के घर आ गई। इस तलाक की वजह से जमन सिंह काफी परेशान थे।
बीते बुधवार को जमन नाई की दुकान जाने की बात कह कर निकले थे और लौटे तो अपने कमरे में बैठकर नाती को खिलाने लगे। उन्होंने चाय पी और फिर उन्हें उल्टियां शुरू हो गईं। हालत बिगड़ते ही उन्हें उपचार के लिए एसटीएच ले जाया गया। जहां रात उनकी मौत हो गई। पंकज ने बताया कि जमन की जेब से सल्फास की दो शीशियां मिली थीं।
आखिरी बार नाती को खिलाया गोद में
हल्द्वानी। जमन जब घर लौटे तो उनका नाती अपने पिता पंकज के साथ बाहर दुकान में बैठा था। पंकज ने बताया कि जब वह घर आए तो जहर खा चुके थे। घर पहुंचते ही उन्होंने नाती को दुकान से लिया और गोद में लेकर अपने कमरे में चले गए। जहां उन्होंने अपने नाती को दुलार किया और फिर इसी के बात उनकी हालत खराब होने लगी।
