Rampur By-Election : आकाश सक्सेना-आसिम राजा ने भरे पर्चे, उप चुनाव का अखाड़ा तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी प्रत्याशियों के नामांकन के चलते कलेक्ट्रेट के आसपास रहे कड़े सुरक्षा बंदोबस्त

भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान मौजूद रहे प्रदेश के कई कद्दावर मंत्री , सपा प्रत्याशी का नामांकन दाखिल कराने साथ पहुंचे कद्दावर नेता आजम खां 

रामपुर,अमृत विचार। 37-रामपुर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए अखाड़ा तैयार हो गया है। गुरुवार को सपा प्रत्याशी आसिम राजा और भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। नामांकन कराने के पहुंचे भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना के साथ प्रदेश के कई कद्दावर मंत्री मौजूद रहे। जबकि, सपा प्रत्याशी आसिम राजा कद्दावर नेता आजम खां के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपराह्न करीब 2:35 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले दोपहर करीब 12:40 बजे भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने नामांकन पत्र दाखिल किया उनके साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी मौजूद रहे।

आजम के गढ़ पर भाजपा फहराएगी विजय पताका
रामपुर। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने दोपहर करीब 12:40 बजे न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या आठ में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी रहे। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी का नामांकन कराने के लिए सूबे के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद घनश्याम सिंह लोधी, जिला  पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना समेत काफी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश के लोगों को कर्फ्यू से मुक्ति मिली है यह प्रदेश की जनता अच्छी तरह जानती है कहा कि भारतीय जनता पार्टी रामपुर से उप चुनाव जीतेगी।

सूबे के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि रामपुर में सपा का गढ़ सांसद घनश्याम सिंह ने ढहाया है। कहा कि रामपुर की जनता चाहती है कि कानून का पालन हो और विकास का पहिया तेजी से घूमे। भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर को उद्योग के क्षेत्र में अव्वल होगा। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, प्रदेश के राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख,पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, विकास सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, कपिल आर्य, श्रीष गुप्ता, राजीव मांगलिक समेत तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

45 वर्ष की मोहब्बतों को बर्बाद करने की हो रही साजिश
रामपुर। सपा प्रत्याशी आसिम राजा ने अपराह्न करीब 2:35 बजे अपना नामांकन पत्र जिला मजिस्ट्रेट कक्ष संख्या आठ में दाखिल किया। नामांकन पत्र जमा करते समय उनके साथ निर्वतमान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल रहे। इससे पहले वह सपा कार्यालय से पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां के साथ कार में बैठकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन से पूर्व सपा कार्यालय पर हुई बैठक में पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां ने कहा कि चालीस-पैंतालीस साल की मोहब्बतों को बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है।

उन्होंने कहा कि रामपुर को बर्बाद किया जा रहा है लोगों की तरफ सवाल उछालते हुए कहा कि फर्क देख लो खुद देख लो। रामपुर से खुशहाली खत्म हो गई है। कहा कि जिसने रामपुर को संवारा सजाया उसे रामपुर की बर्बादी का दुख होगा। जिसने रामपुर को सजाने के लिए कुछ नहीं किया हो उसे किस बात का दुख होगा। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा कमजोरों का साथ दिया है और देता रहूंगा। कहा कि आसिम राजा चुनाव जरूर जीतेंगे कहा कि उनका साथ देना है। सपा प्रत्याशी ने कहा कि शहर विधानसभा सीट पर वह लोकसभा चुनाव में भी जीते थे और इस बार भी जीतेंगे। कहा कि प्रशासन पारदर्शी और निष्पक्षता से उप चुनाव कराए। सपा कार्यालय पर हुई बैठक में विधायक नसीर अहमद खां, पालिकाध्यक्ष फात्मा जबीं, निर्वतमान जिलाध्यक्ष आसिम राजा, पालिकाध्यक्ष केतकी गंगवार, पूर्व विधायक विजय सिंह, अमरीश पटेल, अशोक मिश्रा, पप्पू खां, प्रमोद गंगवार, अमरपाल यादव, हरज्ञान सिंह यादव आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें :  रामपुर : शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने में आरोपी को 10 साल की सजा, जुर्माना भी लगाया

संबंधित समाचार