काशीपुर: महल हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं के घर पर किया नोटिस चस्पा
काशीपुर, अमृत विचार। पुलिस ने स्टोन क्रेशर स्वामी महल सिंह की हत्या के मुख्य साजिशकर्ताओं के विरुद्ध न्यायालय ने 82-83 की कार्रवाई करने के आदेशों के क्रम में भारी पुलिस फोर्स के साथ उनके निवास पर कुर्की वारंट चस्पा कर दिया। 23 दिसंबर तक न्यायालय में पेश नहीं होने पर आरोपियों की चल-अचल संपत्ति कुर्क हो सकती है।
गुरुवार को एसपी अभय सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल लाउडस्पीकर व ढोल बजाकर क्षेत्र में मुनादी करते हुए स्टोन क्रेशर स्वामी महल सिंह हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ताओं हरजीत सिंह उर्फ काला व तनवीर के निवास पर पहुंचा। उन्होंने कुंडेश्वरी चौराहा से मुनादी शुरू कर ढकिया, महादेव नगर, ब्रह्मनगर होते हुए गुलजारपुर में आरोपियों के निवास पर कुर्की वारंट नोटिस चस्पा किया।
एसपी अभय सिंह ने बताया कि महल सिंह की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता हरजीत सिंह काला तथा उसका पुत्र तनवीर निवासी गुलजारपुर फरार चल रहे हैं। इस संबंध में न्यायालय ने दो फरार आरोपियों के खिलाफ नोटिस जारी किए हैं। न्यायालय के आदेश पर सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल मनोज रतूड़ी के साथ भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के गांव व उनके निवास पर मुनादी कराते हुए उनके घर पर अदालत द्वारा जारी आदेश चस्पा कराया गया है।
अदालत ने दोनों आरोपियों को 23 दिसंबर तक हाजिर होने के आदेश दिए हैं। एसपी ने बताया कि महल सिंह हत्याकांड के शूटर व अन्य साजिशकर्ताओं को पुलिस पहले ही उनकी गिरफ्तारी कर चुकी है। मुनादी कर कहा गया कि दोनों अपराधियों के साथ जो भी शामिल होगा या फिर सूचनाएं आदान-प्रदान करता मिला तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दुर्दांत आरोपी घोषित किया है।
