Rampur By-Election : कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना बोले- नहीं थमेगा लोकसभा उपचुनाव से शुरू हुआ जीत का सिलसिला
विधानसभा उप चुनाव में भाजपा प्रत्यासी का नामांकन दाखिल कराने पहुंचे कैबिनेट मंत्री
रामपुर,अमृत विचार। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लोकसभा के उपचुनाव में रामपुर की जनता ने भाजपा को जीत दिलाई। जीत का यह सिलसिला अभी नहीं थमेगा। अब विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा की जीत होगी। रामपुर सीट पर कम से कम 25 हजार वोटों से जीत होनी चाहिए। उन्हें रामपुर की जनता पर ऐसा भरोसा है। उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना का नामांकन कराने के बाद सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर की सीट 25 हजार वोटों से कैसे जीतेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को कम से कम 25 घरों में जाकर वोट देने की अपील करनी है। जबकि, भाजपा के पदाधिकारियों को सौ घरों से संपर्क करने के लिए कहा गया।
उन्होंने कहा कि यदि यह सब हो जाएगा, तो भाजपा की जीत 25 हजार वोटों से अधिक होगी, यह हमारा दावा है। कहा कि प्रदेश में कानून का राज और विकास का पहिया घूम रहा है। सबको को पता है कि मोदी-योगी ही विकास के पर्याय हैं। रामपुर के लोग भी विकास के साथ हैं और विधानसभा के चुनाव में कमल खिलाएंगे।
सियासत की पिच पर हिट विकेट की बदहवासी मैदान से बाहर कर देती है : नकवी
पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि सियासत की पिच पर नो बॉल की बेवकूफी और हिट विकेट की बदहवासी हमेशा मैदान से बाहर कर देती है। वह कृष्णा विहार स्थित कैंप कार्यालय पर नामांकन दाखिल होने के बाद हुई सभा में बोल रहे थे। कहा कि रामपुर में एक सख्श के खिलाफ रामपुर की जनता के हितों के लिए आकाश सक्सेना ने लडाई लड़ी। लोग हमसे आकर कहते थे कि क्या होगा आकाश का। बचेंगे भी या नहीं। लेकिन, रामपुर की जनता के लिए जो लडाई आकाश ने लड़ी, उसे मुकाम तक पहुंचाया। अब जनता को तय करना है कि रामपुर की बागडोर आकाश हाथों में दें, ताकि यहां विकास कार्य रफ्तार पकड़ सकें।
उन्होंने पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना को संबोधित करते हुए कहा कि आपने जो संस्कार अपने बच्चों को दिए हैं, वह निश्चित ही रामपुर के उत्थान और जनता के हितों का कारण बनेगा। उन्होंने विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए अपील की, पूर्व मंत्री शिवबहादुर सक्सेना ने कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपको दो शेर दे रहा हूं। एक शेर की प्रतिमा आपका उपहार है और दूसरा शेर भाजपा का उपहार है। अब भाजपा की इस शेर को संभालकर रखेगी, ताकि रामपुर विकास की मुख्य धारा से जुड़ सके।
ये भी पढ़ें : Rampur By-Election : आजम की सीट बचाने को पूरी ताकत झोंकेगी सपा
