मुरादाबाद : 'Be Aware of Dengue', स्कूली छात्रों ने पेंटिंग बनाकर किया जागरूक
मुरादाबाद,अमृत विचार। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के बाद भी डेंगू और मलेरिया का प्रकोप जारी है। जिले में डेंगू मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के छात्रों ने पेंटिंग बनाकर डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक किया।

जुलाई के बाद अक्टूबर माह में भी संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान चला। लेकिन इसके बाद भी बुखार, डेंगू, मलेरिया, क्षयरोग आदि संचारी रोग के मरीज कम नहीं हुए। इसे नियंत्रित करने के उपायों का भी कोई असर दिखाई नहीं दिया। डेंगू-मलेरिया, बुखार के नियंत्रण में विभाग का अभियान कहीं काम नहीं आया। 400 से अधिक डेंगू के रोगी चिह्नित हो चुके हैं।

वहीं कई की जान भी गई लेकिन डेथ आडिट में हर मौत को विभाग दूसरा कारण बताकर डेंगू मानने से इनकार कर रहा है। गुरुवार को 17 नये रोगी डेंगू जांच में धनात्मक मिले। इसमें पुलिस लाइंस, बुद्धि विहार, भूड़े का चौराहा, गागन तिराहा, पाकबड़ा, मिलन विहार, कच्चा बाग, 23वीं वाहिनी पीएसी, पीतल नगरी, लाल मस्जिद शहरी क्षेत्र के अलावा देहात में छजलैट और बिलारी ब्लॉक के रोगी हैं।
265 की जांच में 24 बुखार के रोगी
कुंदरकी में बुखार के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डिमापुर और चिड़ियाढेर में शिविर लगाकर 265 लोगों की जांच में 24 बुखार पीड़ित रहे।
हेल्पलाइन नंबर से लें सहयोग
राज्य स्तर पर हेल्पलाइन टोल नंबर 1800180 5145 जारी किया है। इस पर फोन कर मरीज अपनी समस्या का समाधान और इलाज में लापरवाही की शिकायत भी कर सकते हैं। इस टोल फ्री नंबर पर निशुल्क कॉल होती है। इसके अलावा 104 व 1075 पर भी फोन कर मदद ले सकते हैं। इसके अलावा जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग ने भी कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिसके नंबर 0591-2412278 पर भी कॉल करके मदद ली जा सकती है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सर! देखभाल करने वाला अपना कोई नहीं, मुझे हॉस्टल भेज दो
