मुरादाबाद: कॉलेज के टॉयलेट में मोबाइल छुपाकर अश्लील वीडियो बनाने का आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मझोला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुकदमा दर्ज होने के तीन दिन बाद हत्थे चढ़ा आरोपी

केजीके कॉलेज के टायलेट में मोबाइल फोन छिपा कर महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। केजीके कॉलेज के टायलेट में मोबाइल फोन छिपा कर महिलाओं की अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्थे चढ़े आरोपी से पुलिस पूछताछ में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अश्लील वीडियो बनाने के पीछे कोई और मास्टरमाइंड तो नहीं है।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : मां से मिलने गई पत्नी लापता, पति ने लगाई अदालत से तलाश की गुहार

मझोला थाना क्षेत्र स्थित केजीके पीजी कॉलेज की महिला प्रोफेसर ने 15 नवंबर को तहरीर दी। प्रोफेसर ने पुलिस को बताया कि कालेज के विधि संकाय में तैनात अंशकालिक चतुर्थश्रेणी कर्मचारी राजेश कुमार ने टायलेट में मोबाइल फोन छिपाया था। टॉयलेट जाने के दरमियान महिला प्रोफ़ेसर ने राजेश का मोबाइल फोन भी पकड़ लिया। तब मोबाइल फोन चालू हालत में था। स्मार्टफोन टॉयलेट की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था। राजेश कुमार के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।

राजेश पर आरोप है कि टॉयलेट में मोबाइल छिपाकर वह महिला स्टाफ और छात्राओं की वीडियो बनाता था। राजेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई। शुक्रवार देर शाम पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस गिरफ्तारी की पुष्टि से इन्कार कर रही है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कॉलेज में बनाई गई अश्लील वीडियो को आरोपी ने सोशल प्लेटफॉर्म पर किन-किन व्यक्तियों को शेयर किया है। पुलिस वायरल वीडियो की रिकवरी की योजना बनाने व  पूरे घटना की तह तक जाने में जुटी है।

ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : परिजनों ने चोर को पकड़ा तो खुद को ब्लेड मार कर किया घायल

संबंधित समाचार