बहराइच: आबादी में पहुंचे तेंदुए ने मवेशी को बनाया निवाला
ग्रामीणों में हमले को लेकर दहशत
अमृत विचार, बहराइच। नानपारा रेंज के जंगल से शुक्रवार रात को तेंदुआ निकल आया। तेंदुए ने आबादी में दस्तक देते हुए एक मवेशी को निवाला बना लिया। तेंदुए की आमद को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत है।
ठंड बढ़ने के साथ ही जंगल से तेंदुए और बाघ सड़क मार्ग के साथ गांवों में पहुंच रहे हैं। बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज के नेवादा पूरे कस्बाती गांव में देर रात को जंगल से निकल कर तेंदुआ पहुंच गया। तेंदुआ ने गांव निवासी एक ग्रामीण के पालतू मवेशी को गन्ने के खेत में खींच ले गया। इसके बाद उसे निवाला बना लिया। सुबह मवेशी का क्षत विक्षत शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तेंदुए के आने की सूचना रेंज कार्यालय में दी। वन क्षेत्राधिकारी राशिद जमील ने बताया कि वन कर्मियों को मौके पर भेजा जा रहा है।
