अयोध्या: रसोईयों की होगी प्रतियोगिता, बच्चे बनेगें जज 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। परिषदीय स्कूलों में एमडीएम बनाने वाली पाक कला में दक्ष रसोइयों को नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इसके लिए जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के निर्णायक जज स्कूली बच्चे ही होंगे। पूरे जिले से 30 रसोइयों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाएगा। इसके लिए स्क्रीनिंग करके प्रतियोगिता के मानक को पूरा करने वाली रसोइयां ही हिस्सा लेंगी। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाली रसोइयों के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार दिए जाने की व्यवस्था है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि रसोइयों को नकद पुरस्कार देकर उनका प्रोत्साहन एवं उत्साहवर्धन किए जाने और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा को लेकर मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराने का फरमान जारी किया है। प्रतियोगिता में पूरे जिले के सभी 11 ब्लाकों से प्रतिभागी शामिल किए जाएंगे। इसके लिए तीन वर्ष का कार्य अनुभव, कम से कम दिनों का अवकाश लेने, मेन्यू का ज्ञान आदि मानक तय किए गए हैं। स्क्रीनिंग के तहत 30 प्रतिभागी रसोइयों का चयन किया जाएगा। 

विभाग ने 20 दिसम्बर तक स्क्रीनिंग टेस्ट में शामिल होने के लिए आवेदन मांगे हैं। प्रतियोगिता के लिए मेन्यू का चयन उसी दिन लाटरी सिस्टम से तय किया जाएगा। छह बिंदुओं पर पास होने के लिए कुल 55 अंक रखे गए हैं। बता दे जिले में करीब 1790 स्कूलों में 2700 रसोईयां तैनात हैं।

संबंधित समाचार