मुरादाबाद : माह के अंत तक देनी होगी विद्यालयों की जांच रिपोर्ट, माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केंद्रों की जियो टैगिंग की रिपोर्ट इस माह के अंत तक करनी होगी अपलोड, जिले में 85 हजार विद्यार्थी देंगे यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। केंद्रों की जियो टैगिंग व धरातल पर भौतिक स्थिति की जांच की जा रही है।

मुरादाबाद ,अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण कर विद्यालयों की जियो टैगिंग की रिपोर्ट इस महीने के अंतिम सप्ताह पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अधिकारियों को इसका निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर ही परीक्षा केंद्र बनाने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। 

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से इस बार नकल विहीन परीक्षा कराने के उद्देश्य से केंद्रों में मानकों और आसपास के इलाके की भी जांच कराई जा रही है। पिछला रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। जिले में 437 माध्यमिक इंटर कॉलेज हैं। जिनमें 38 राजकीय, 54 सहायता प्राप्त और 345 वित्तविहीन कॉलेज हैं। 

माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। केंद्रों की जियो टैगिंग व धरातल पर भौतिक स्थिति की जांच की जा रही है। जिले के 432 विद्यालयों ने अपने-अपने केंद्रों की जानकारी पोर्टल पर दी है। इस जानकारी का सत्यापन कराया जा रहा है। जिससे केंद्र निर्धारण में किसी प्रकार की चूक न हो सके। जिले में 85 हजार से ज्यादा विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। संभावना जताई जा रही है कि इस बार मार्च के पहले सप्ताह से ही बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी।

क्या होती है जियो टैगिंग 
सेटेलाइट इमेज से किसी भी क्षेत्र में हो रही गतिविधियों की जानकारी जियो टैगिंग के माध्यम से हासिल की जा सकती है। शासन द्वारा अब शहर की सभी आवासीय, गैर आवासीय क्षेत्र व विद्यालय, निर्माणाधीन भवनों को गूगल अर्थ के साथ करके जियो टैगिंग कराई जा रहा है। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद कार्यालय में बैठकर अधिकारी संबंधित क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख सकते हैं।

वेबसाइट खुलते ही अपलोड होंगे अंक
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने स्कूल-कालेजों के प्रबंधकों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा के अंक अपलोड कराने के निर्देश दिए थे। ताकि, विद्यार्थियों की तैयारी का अंकों के आधार पर आंकलन किया जा सके। प्रताप सिंह इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सीमा ने बताया कि यूपी बोर्ड की वेबसाइट अभी बंद है। जिस कारण कार्य नहीं हो पा रहा है। जैसे ही वेबसाइट खुलेगी, अंक अपलोड कराने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

केंद्र निर्धारण के लिए विद्यालयों की जियो टैगिंग चल रही है। जांच रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश प्राप्त हुए है।-डॉ. अरुण कुमार दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक

ये भी पढ़ें :  विश्व शौचालय दिवस : दो अरब खर्च फिर भी 30,000 लोग खुले में जा रहे शौच

संबंधित समाचार