मुरादाबाद : चपरासी के फोन से शाैचालय में बने थे चार वीडियो, फुटेज की छानबीन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कॉलेज के टॉयलेट में मोबाइल फोन छिपाकर महिला प्रोफेसर का अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी चपरासी को शनिवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। चपरासी द्वारा बनाए गए चारों वीडियो की पुलिस जांच कर रही है। 

  • सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के संदेह की जांच कर रही पुलिस
  • वीडियो बनाने के आरोपी कालेज के अंशकालिक चपरासी को भेजा जेल     

 कॉलेज के विधि संकाय में कार्यरत एक महिला प्रोफेसर ने 15 नवंबर को मझोला पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें प्रोफेसर ने एक मोबाइल फोन पुलिस को सौंपते हुए दावा किया कि स्मार्ट फोन की मदद से विधि संकाय के शौचालय में वीडियो बनाई जा रही थी। घटना 11 नवंबर की बताते हुए प्रोफेसर ने दावा किया कि बरामद मोबाइल फोन विधि संकाय में अंशकालिक चपरासी के रूप में कार्यरत राजेश कुमार का है।

तहरीर के आधार पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस आरोपी चपरासी की तलाश में जुटी थी। तीन दिन बाद शुक्रवार की रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।  मझोला पुलिस ने उससे पूछताछ की। मोबाइल फोन की छानबीन से पता चला कि कॉलेज के टायलेट के चार वीडियो बनाए गए हैं। दो वीडियो चार-चार सेकेंड के हैं, जबकि तीसरा पांच व चौथा वीडियो सात सेकेंड का है।

मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी वीडियो में अश्लील तस्वीरें नहीं हैं। स्मार्ट फोन की मदद से टायलेट का वीडियो बनाया है, इसकी पुष्टि हो गई है। वीडियो की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। घटना के पीछे किसी और का हाथ होने के कोई संकेत फिलहाल नहीं मिले हैं। आरोपी चपरासी मानसिक विकृति का शिकार लग रहा है। जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट ने आरोपी चपरासी को न्यायिक अभिरक्षा में  भेज दिया।  प्रकरण को तब गंभीरता से लिया गया जब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव/ एसीजेएम सचिन कुमार दीक्षित ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एसएसपी व जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को कड़ा पत्र लिख दिया। पत्र के प्रकाश में आने के कुछ ही देर बाद मझोला पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : डीआईजी ने पढ़ाया पुलिसिंग का पाठ, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

संबंधित समाचार