रुद्रपुर: कैंटीन कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल की एक कंपनी की कैटीन में काम करने वाले कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी।
मूलरूप से पिथौरागढ़, गंगोलीहाट के ग्राम कोठेरा निवासी 43 वर्षीय सुरेंद्र सिंह ट्रांजिट कैंप में किराए के कमरे में रहता था। वह सिडकुल के सेक्टर 9 स्थित एक फैक्ट्री की कैंटीन में काम करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को कैंटीन का काम करने के बाद वह अपने कपड़े धो रहा था।
इसी बीच वह बेहोश होकर गिर गया। यह देख साथ काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली।
साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सुरेंद्र सिंह की मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
