सुल्तानपुर: 1,36,461 मतदाता चुनेंगे अपने शहर की सरकार, लम्भुआ नगर पंचायत में पहली बार पड़ेगा वोट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मनोज कुमार मिश्र/सुल्तानपुर। नगर निकाय चुनाव को मिनी विधानसभा कहा जाता है। ऐसे में निकाय चुनाव में सभी राजनैतिक पार्टी अपने प्रत्याशी उतारते हैं और उन्हें जिताने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। इस बार एक लाख 36 हजार 461 मतदाता अपने शहर की सरकार चुनेंगे। 2017 चुनाव की तुलना में इस बार नवसृजित लंभुआ नगर पंचायत को छोड़कर अन्य चारों नगर निकायों में 15,455 मतदाता बढ़ गए हैं। संभावित उम्मीदवार मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए अभी से ही जुट गए हैं। 

जिले में एक नगर पालिका परिषद व चार नगर पंचायत हैं। इकलौते नगर पालिका परिषद सुलतानपुर में 90,735 मतदाता हैं। इसमें 47,674 पुरुष तो 42,061 महिला शामिल हैं। नगर पालिका 25 वार्डों में आबाद है। यहां पर इन वार्डों में सभासद पद पर भी चुनाव कराया जाता है। वहीं, नगर पंचायत कादीपुर में 7,541, दोस्तपुर में 12,191 और कोइरीपुर में 7,624 मतदाता अंतिम सूची में है। हाल ही में नगर पंचायत का दर्जा पाई लम्भुआ में भी पहली बार चुनाव होने जा रहा है। इस नगर पंचायत में पहली बार 18,370 मतदाता अपना नुमाइंदा चुनेंगे। 

162 मतदेय स्थल पर पड़ेंगे वोट 
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज है। पांचों निकायों में 162 मतदेय स्थल व 59 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर पालिका में 104, नगर पंचायत कादीपुर व कोइरीपुर में 10-10, दोस्तपुर में 15 व लम्भुआ में 23 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। संभावित चुनाव इन्हीं मतदेय स्थलों पर कराए जाएंगे। 

महिला व युवा वोटर्स होंगे निर्णायक 
नगर निकाय चुनाव में महिला व युवा वोटर्स निर्णायक होंगे। शहर की सरकार चुनने के लिए युवाओं में उत्साह भी देखा जा रहा है। कई वार्ड सभासद का चुनाव लड़ने के लिए बड़ी संख्या में युवा अपने होर्डिंग्स बैनर टांग रहे हैं और लोगों की चौखट पर भी पहुंचने लगे हैं। 

मतदान की तिथि व आरक्षण की स्थिति अभी आयोग से जारी नहीं हुई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाश करा दिया गया है। पांचों निकायों में सूची भेज दी गई है। आयेाग की गाइडलाइन के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे ...रवीश गुप्ता, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी।

टेबल 
निकायवार मतदाताओं की सूची 
नगर निकाय            पुरुष        महिला     कुल मतदाता 
नपा सुलतानपुर      47,674    42,061    90,735
नपं कादीपुर             3,883    3,658    7,541
नपं दोस्तपुर             6,353    5,838    12,191
नपं कोइरीपुर         3,883    3,741    7,624
नपं लम्भुआ             9,578    8,792    18,370
योग             71,371    65,090    1,36,461

संबंधित समाचार