रुद्रपुर: मोबाइल व जेवरात चुनाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने विवेकनगर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के पास से जेवरात समेत अन्य सामान भी बरामद किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक विवेकनगर निवासी गोविंद राम के घर से 11 नवंबर को चोरों ने एक मोबाइल और 700 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दी थी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। पुलिस ने संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी।
थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा ने बताया कि रविवार रात एसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच मोदी मैदान के पास दो संदिग्ध युवक पुलिस को देख भागने लगे। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम शिवनगर ट्रांजिट कैंप निवासी रवि दिवाकर और शुभम शर्मा बताया। गोविंद राम के घर से मोबाइल फोन, 700 ग्राम के चांदी के जेवरात चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।
