हल्द्वानी: भाजपा का सैनिक प्रेम सिर्फ एक ढकोसला है : माहरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा के सैनिक प्रेम को ढकोसला बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शहीदों को राज्य सरकार से दी जाने वाली आर्थिक मदद के खिलाफ न केवल गजट नोटिफिकेशन जारी किया बल्कि सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है।

सोमवार को पॉलीसीट स्थित कैंप कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने पांच मार्च 2014 में विभिन्न युद्धों, सीमांत झड़पों और आंतरिक सुरक्षा में शहीद होने वाले सेना व अर्द्ध सैन्य के सैनिकों के लिए एकमुश्त 10 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि देने के लिए शासनादेश जारी किया था। इसकी खूबी यह थी कि 10 लाख रुपये में वीर नारी को 6 लाख एवं माता-पिता को 4 लाख रुपये देने का प्रावधान था। माता पिता के जीवित नहीं होने पर वीर नारी और वीर नारी के जीवित नहीं होने पर माता पिता को एकमुश्त 10 लाख रुपये दिए जा सकते थे। कांग्रेस सरकार ने शासनादेश लागू होने के बाद शहीदों की वीर नारियों को यह राशि दी। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार आ गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस अनुदान राशि लेने को शहीदों के आश्रितों की संख्या बढ़ी तो सरकार ने आर्थिक मदद देने से इंकार कर दिया। जब आश्रित हाईकोर्ट पहुंचे और हाईकोर्ट की एकल पीठ ने भी भुगतान का आदेश दिया। इस पर भी भाजपा सरकार नहीं रुकी। भाजपा शासन ने तत्कालीन शासनादेश के खिलाफ गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया।

इसके खिलाफ शहीद आश्रितों ने हाईकोर्ट में गुहार लगाई। इस पर हाईकोर्ट ने एक बार फिर भाजपा सरकार को शहीदों के आश्रितों को एकमुश्त रकम देने का आदेश बरकरार रखा। अब कि बार भाजपा सरकार हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली गई है। फिलहाल सुप्रीम ने यथा स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं और 9 दिसंबर को इस मामले में सुनवाई होगी।

माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा के हाकिम एक तरफ देवभूमि उत्तराखंड में सैन्यधाम बनाने का दावा करते हैं, दूसरी तरफ शहीदों के आश्रितों का अधिकार छीनने के लिए उच्चतम न्यायालय तक चले जाते हैं जो साफ करता है कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।

उन्होंने कहा कि इसी तरह 1971 वार के हीरो हनूफ सिंह की संपत्ति खुर्द बुर्द करना और उनकी स्मृति में होने वाले कार्यक्रम को बंद करना भाजपा का सैनिकों के प्रति सोच दर्शाता है। इसी तरह अग्निपथ योजना से प्रदेश के युवा हतोत्साहित हैं। चीन, पाकिस्तान व नेपाल भी हमला कर रहा है। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, कार्यकारी जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, ललित जोशी, हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, जगमोहन चिलवाल, राजेंद्र बिष्ट, मुकुल बल्यूटिया, महिला नगर अध्यक्ष नीमा भट्ट, शोभा बिष्ट, पुष्पा नेगी, बहादुर बिष्ट आदि मौजूद थे।  

 

संबंधित समाचार