खटीमा: किलपुरा रेंज में उग्र हाथी ने दो महिलाओं को पटका, घायल

खटीमा: किलपुरा रेंज में उग्र हाथी ने दो महिलाओं को पटका, घायल

खटीमा, अमृत विचार। किलपुरा वन रेंज में सोमवार को अकेले विचरण कर रहे हाथी ने दो महिलाओं को पटक दिया जिससे दोनों घायल हो गईं इसके साथ ही हाथी ने दो युवतियों को सूंड से धकेल दिया। हाथी के हमले में घायल दोनों महिलाएं दहशत में बेहोश हो गईं। जबकि दो युवतियां चोटिल हुईं। चारों घायलों को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दोनों महिलाओं को अधिक चोटें आईं हैं।

बता दें कि पिछले एक सप्ताह से किलपुरा रेंज में हाथियों के अनेक झुंडों का विचरण हो रहा है। हाथी वन विभाग की नर्सरी को भी तहस नहर कर चुका है। रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती के अनुसार हाथियों के मूवमेंट में नजर रखना चुनौती बना हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों को जंगल में अंदर न जाने की सलाह दी थी। पूर्व में एक महिला को भी अकेला विचरण कर चुका हाथी घायल कर चुका है।

हाथी के हमले में बाल-बाल बची आलावृत्ति निवासी जमुना देवी ने बताया कि उसकी बहू गोमती देवी, भागीरथी देवी पत्नी मोती राम, सुमन कुमारी पुत्री हरी राम, ज्योति कुमारी पुत्री महेंद्र और वह सुबह करीब 8.30 बजे किलपुरा के जंगल में नाले के किनारे से जानवरों के लिए पत्ते लाने जा रहे थे। इस बीच हाथी ने अचानक पीछे से हमला कर भागीरथी देवी व गोमती देवी को पटक दिया। इस पर सब भागे, बहू गोमती देवी झाड़ी में गिर गई, हाथी दोबारा लौटा और गोमती देवी को फिर पटक दिया। जबकि भागते हुए सुमन कुमारी व ज्योति कुमारी पर अपनी सूंड से झपट्टा मारा। दहशत में आईं महिलाओं के चिल्लाने पर हाथी जंगल में भाग गया।

इधर, सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम बेहोश गोमती देवी व भागीरथी देवी को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। हाथी के सूंड मारने से चोटिल दोनों युवतियों को भी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चारों का इलाज किया गया। इधर, सूचना पर पहुंचे रेंजर जीवन चंद्र उप्रेती टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वन कर्मियों को अलर्ट किया और आस पास के गांवों के लोगों को सर्तक करने के उद्देश्य से मुनादी कराई। सूचना मिलने पर एसडीओ संतोष पंत ने भी रेंज में पहुंचे और सर्तकता को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। हाथी के दूसरी बार हमले करने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग हाथी के मूवमेंट पर नजर रख रहा है।