लखनऊ : बेसहारा बच्चों को कैबिनेट मंत्री ने किया दुलार, बांटे लैपटॉप
अमृत विचार लखनऊ। राजधानी में जिला पंचायती राज मुख्यालय में सोमवार को उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा आयोग के अंतर्गत लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य ने 200 बच्चों को लैपटॉप वितरित किए।
इसके अलावा कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश बाल संरक्षण आयोग की सदस्य शुचिता चतुर्वेदी, महिला कल्याण के उप निदेशक प्रवीण त्रिपाठी, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी आकांक्षा अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग ने कोविड-19 के दौरान अपने माता,पिता और अभिभावकों को खोने वाले कक्षा 09 या उससे ऊपर की शिक्षा प्राप्त कर रहे 18 वर्ष तक की आयु के बच्चों को लैपटॉप वितरित किया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 महामारी के दौरान 22 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का शुभारंभ किया था। जिसके तहत कोविड 19 में अनाथ हुए बच्चों के भरण - पोषण, शिक्षा, चिकित्सा, पुनर्वास आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई थी।
वहीं इस योजना के तहत लखनऊ में कुल 793 बच्चों को 4000 रूपए प्रति माह की दर से अर्धवार्षिक किस्त खाते में दी जा रही है। इसके अलावा इस योजना में कक्षा 09 या उससे ऊपर की शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को लैपटॉप वितरण किए जाने का प्रावधान है। जिसको लेकर आज 200 बच्चों को लैपटॉप वितरित किया गया है।
इस अवसर पर महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि गरीब तथा अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों के प्रति सरकार अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे बच्चों की शिक्षा, भरण - पोषण, चिकित्सा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है।
इसी के तहत आज मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत 200 बच्चों को लैपटॉप दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बच्चों का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। लैपटॉप के माध्यम से वह दुनिया को और जानेंगे तथा अपनी रूचि वाले विषय की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को मेहनत करने एवं लक्ष्यों को प्राप्त करने की प्रेरणा दी और कहा कि बच्चे अपनी कार्यक्षमता को निरंतर बढ़ाते रहें।
