लखनऊ: मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपाइयों ने किया रक्तदान, मरीजों को बांटे फल
लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की आज जयंती मनाई जा रही है। इस मौके पर समाजवादी पार्टी सभी जिलों में नेताजी के जन्मदिन को सादगी के साथ मना रही है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सभी जिलों के अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, हवन पूजन, गरीबों में वस्त्र और भोजन वितरण का आयोजन भी कर रहे हैं।
वहीं मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उनकी पहली जयंती पर राजधानी लखनऊ के सिविल अस्पताल में लखनऊ महानगर समाजवादी पार्टी ने रक्त शिविर और फल वितरण का कार्यक्रम आयोजन किया है। सिविल अस्पताल में आज सुबह से ही समाजवादी पार्टी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में रक्तदान दिया। इस दौरान लखनऊ महानगर समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित, महासचिव सौरभ यादव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
लखनऊ महानगर समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष सुशील दीक्षित ने बताया कि नेताजी के निधन के बाद यह उनकी पहली जयंती मनाई जा रही है। आज पहली बार नेताजी के न रहने पर उनका जन्मदिवस मनाया जा रहा है। जिसको लेकर सभी समाजवादी काफी दुखी हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुलायम सिंह यादव ने हमेशा सभी को समाजसेवा करना सिखाया है। इसीलिए उनके पद चिन्हों पर चलते हुए उनकी जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि लखनऊ शहर में डेंगू के बढ़ते मामले से अस्पतालों में रक्त की कमी हो रही है। जिसको पूरा करने के लिए सभी समाजवादी नेताजी की जयंती पर रक्तदान कर रहे हैं। इसके अलावा रक्तदान कर रहे कार्यकर्ताओं और वहां भर्ती मरीजों को कार्यकर्ताओं ने फल भी वितरित किया।
