रायबरेली: सीएचसी में प्रसव के बाद महिला की मौत, जीवित बताकर शव को कर दिया रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार ,रायबरेली। सीएचसी में एक प्रसूता की प्रसव के बाद मौत हो गई। चिकित्सा स्टाफ ने मौत के बाद उसे जीवित बताकर शव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामले की सच्चाई तब सामने आई जब एंबुलेंस शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंची ,जहां डॉक्टरों ने रेफर करने के औचित्य पर सवाल खड़ा कर दिया।

मामला बछरावां क्षेत्र के गांव बबुरिया खेड़ा मजरे विशुनपुर का है। गांव के अंकित कुमार की पत्नी सरोज देवी (20 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार की शाम तीन बजे सीएचसी लाया गया था। बताया जाता है कि करीब पांच बजे प्रसूता को प्रसव हुआ। उसने एक बेटे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद लगातार रक्तस्राव होता रहा। तकरीबन एक घंटे बाद प्रसूता ने सीएचसी में ही दम तोड़ दिया। आरोप है कि प्रसूता के मरने के बाद भी अस्पताल स्टाफ ने उसको तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। 

प्रसूता के साथ परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पहुंचते ही जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने बताया कि इसकी मृत्यु काफी पहले हो चुकी है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने यह भी पूंछा कि लाश को किसने रेफर किया है ?  परिजनों का आरोप है कि प्रसूता की मृत्यु अधिक रक्तस्राव के कारण  सीएचसी में ही हो गई थी। अस्पताल स्टाफ लापरवाही की जिसके कारण प्रसूता की मृत्यु हुई है। जिला अस्पताल से शव लेकर घर पहुंचते ही प्रसूता के परिवार के कोहराम मच गया। सरोज देवी का यह दूसरा बच्चा था। सीएचसी अधिक्षक डा. एके जैसल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है , किसी के उनसे कोई शिकायत भी नहीं की है। शिकायत मिलने पर जांच की जायेगी ।

प्रसूता के शरीर में थी खून की कमी
मृतका के पति अंकित ने बताया कि हाल ही में प्रसूता की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में उसके शरीर में अपेक्षा के अनुसार खून कम था। यही नहीं एक सप्ताह बाद उसे प्रसव होना था। सामान्य जांच के लिए वह बुधवार को प्रसूता को लेकर अस्पताल गया था। जहां पर महिला चिकित्सक ने उसका प्रसव कराया।

संबंधित समाचार