नैनीताल: बाइक व स्कूटी की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार की मौत, अन्य तीन घायल
नैनीताल, अमृत विचार। भवाली मार्ग पर पाइंस से आगे जोख़िया के समीप शुक्रवार को स्कूटी व बाइक की भिड़ंत हो गई। इसमें स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, वहीं स्कूटी सवार दूसरा युवक व बाइक सवार घायल हो गए।
शुक्रवार को मुक्तेश्वर लेटीबूंगा निवासी 19 वर्षीय भगवत सिंह पुत्र गोपाल सिंह और 18 वर्षीय पंकज नयाल पुत्र आनंद नयाल स्कूटी से शादी की खरीदारी करने नैनीताल आ रहे थे। जोखिया के समीप नैनीताल से भवाली को तेज रफ्तार से जा रही पल्सर बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गयी। इसमें स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे दिल्ली के पर्यटकों ने घायलों को अपने वाहन में बैठाकर बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने भगवत सिंह को मृत घोषित कर दिया। स्कूटी सवार दूसरे युवक और बाइक सवार को हल्की चोटें पहुंची हैं। बता दें कि पल्सर बाइक एक नाबालिग छात्र चला रहा था।
हेलमेट पहना होता तो बच जाती जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी सवार दोनों युवक बिना हेलमेट के थे। भिड़ंत इतनी तेज थी कि स्कूटी चालक भगवत सिंह सिर के बल सड़क पर गिरा। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। काफी रक्त स्राव होने के चलते अस्पताल पहुंचने तक उसने दम तोड़ दिया।
नाबालिग चला रहा था काफी तेज रफ्तार बाइक
पल्सर बाइक सवार नाबालिग छात्र नैनीताल के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ता है। दोपहर को स्कूल से छुट्टी के बाद अपने घर भवाली जा रहा था। जोखिया के समीप वह तेज रफ्तार बाइक को कंट्रोल नहीं कर पाया और आगे से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। घटनास्थल से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों के अनुसार तेज रफ्तार बाइक दुर्घटना का कारण बनी।
शादी की खुशियां मातम में बदली
परिजनों ने बताया कि मृतक भगवत सिंह के चाचा की शनिवार को बारात जाने वाली थी। इसके लिए उसने खरीदारी की थी लेकिन कपड़े उसको फिट नहीं आ रहे थे। वह शुक्रवार को अपने दोस्त पंकज के साथ कपडे़ बदलने के लिए नैनीताल को निकला था। लेकिन काल को कुछ और ही मंजूर था। इसके बाद शादी वाले घर में मातम छाया हुआ है।
