हल्द्वानी: काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग देखने जा रहे केंद्रीय मंत्री भट्ट का ग्रामीणों ने किया घेराव 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए काठगोदाम-हैड़ाखान केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट का ग्रामीणों ने घेराव किया। उन्होंने संबंधित विभागों पर अनेखी का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। बाद में भट्ट ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को वैकल्पिक मार्ग एक सप्ताह में शुरू करने का आश्वासन दिया।

केंद्रीय रक्षाराज्य मंत्री अजय भट्ट शुक्रवार को सुबह करीब 10:15 बजे का काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग के वैकल्पिक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण प्रस्तावित था। इसकी सूचना मिलते ही प्रभावित गांवों के दर्जनों लोग काठगोदाम स्थित वन विभाग के बैरियर के समीप पहुंच गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जैसे ही केंद्रीय मंत्री का काफिला काठगोदाम पहुंचा तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। मार्ग बंद होने से परेशान ग्रामीणों ने बताया बीती 15 नंबर से यह मार्ग बंद है। इस वजह से छोटे बड़े दर्जनों गांव प्रभावित हैं। लोगों को मजबूरन पहाड़ चढ़ना पड़ रहा है।

प्रशासन, लोनिवि समेत अन्य विभागों पर जनता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मार्ग की मरम्मत के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए हैं जबकि इसका इस्तेमाल हैड़ाखान, ओखलकांडा से रीठा साहिब तक जाने वाले लोग करते हैं। ग्रामीणों ने इस मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की। इस पर केंद्रीय मंत्री भट्ट ग्रामीणों के साथ हैड़ाखान रूट पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर लोनिवि ईई दीपक गुप्ता ने बताया कि भूस्खलित क्षेत्र का भूविज्ञानी व लोनिवि की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया था।

भूविज्ञानी का कहना है कि उक्त स्थान पर मेजर हिमालयन फ्रंटियर फॉल्ट होने की वजह से सड़क बनाना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) टीम भी सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया था। रिपोर्ट के आधार और वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद वैकल्पिक मार्ग बनाना शुरू हो जाएगा। 
केंद्रीय मंत्री भट्ट ने वैकल्पिक मार्ग स्वीकृति के लिए वन एवं लोनिवि सचिव आरके सुधांशु से फोन पर वार्ता कर तुरंत एनओसी देने के निर्देश दिए। उन्होंने सीडीओ डॉ. संदीप तिवारी से कहा कि वैकल्पिक मार्ग की लंबाई 2.4 किमी है, इस मार्ग की प्रोजेक्ट रिपोर्ट जल्द से जल्द शासन को भेजा जाए ताकि तुरंत स्वीकृति मिले और काम शुरू हो। 

बीआरओ को दिए सर्वे के निर्देश
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री भट्ट ने बॉर्डर रोड आर्गनाइजेशन के पुलिस महानिदेशक से फोन पर वार्ता कर निर्देश दिए कि बीआरओ व लोनिवि अभियंताओं वैकल्पिक मार्ग का संयुक्त सर्वे करें। उन्होंने सीडीओ को राशन, रसोई गैस, औषधि व जरूरी वस्तुओं को गांवों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। भविष्य में यदि जरूरत पड़ी तो हेलीकॉप्टर की तैनाती की जाएगी।

ये रहे मौजूद
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, एसडीएम राहुल साह, एई मनोज पांडे, सचिन साह, मनोज पाठक, रेवाधर बृजवासी, कृपाल मेहरा, भावना मेहरा, लक्ष्मण खाती, वीरेन्द्र बिष्ट, हरीश मनराल, विजय मनराल, डूंगर ढोलगांई, तेज सिंह चिलवाल, हरेन्द्र सम्भल, पनराम आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार