बहराइच : दिल्ली से चोरी कर 215 पेटी टूथपेस्ट लेकर पहुंच गया जरवलरोड
अमृत विचार, जरवलरोड, बहराइच। बहरामपुर गांव निवासी एक शातिर चोर दिल्ली से टूथपेस्ट की पेटियां लेकर गांव पहुंच गया। दिल्ली पुलिस की और जरवलरोड थाने की पुलिस ने गांव से 215 पेटी टूथपेस्ट बरामद किया। आरोपी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक टूथपेस्ट की कीमत 11 लाख रूपये है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खासेपुर बहरामपुर निवासी उदल कुमार उर्फ संतोष के विरूद्ध दिल्ली पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली लाहौरी गेट थाने में कुंवर पाल सिंह पुत्र हर स्वरूप सिंह ने 22 नवंबर को चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था।
जिसमें 215 पेटियां टूथपेस्ट गायब होने का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया था। शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक रामाकांत और सहायक उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह जरवलरेाड थाने पहुंचे। थाने की पुलिस की मदद से आरोपी को पकड लिया गया। साथ ही गांव से टूथपेस्ट भी बरामद किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चोर को दिल्ली पुलिस लेकर चली गई है। बरामद सामान भी दिल्ली ले गई। वहां अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।
