बरेली: फ्लाइटें दिल्ली-मुंबई और बेंगलुरू, बुकिंग बैंकॉक व गोवा की भी करा रहे
एयरलाइंस कंपनियों की बुकिंग वेबसाइट पर कई शहरों की बरेली से दिख रहीं फ्लाइटें
बरेली, अमृत विचार। 'उड़े देश का हर नागरिक' योजना के तहत संचालित सिविल एयरपोर्ट से अभी सिर्फ दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए फ्लाइटें संचालित हैं। अन्य किसी शहर के लिए अभी फ्लाइट यहां से नहीं है। कुछ माह पहले बरेली से लखनऊ के लिए फ्लाइट शुरू होने की तैयारी जोरशोर से शुरू हुई। फ्लाइट शुरू होने की तारीखें भी बदलीं। किराया तक घोषित हुआ, लेकिन लखनऊ फ्लाइट भी कागजों तक सीमित रही।
ये भी पढ़ें- बरेली: कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा आरंभ, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया भाग
ऐसे में गोवा, बैंकॉक, चंडीगढ़ समेत अन्य शहरों के लिए बरेली से फ्लाइटें संचालित होने की बात एयरलाइंस कंपनियों की कागजी उपज है। कनेक्टिंग व्यवस्था के तहत एलाइंस एयर और इंडिगो एयरलाइंस कंपनी यात्रियों को यह सुविधा दे रही है, लेकिन बुकिंग वेबसाइट पर बरेली से सीधी गोवा, बैंकॉक समेत अन्य शहरों के लिए फ्लाइट देख यात्री असमंजस में पड़ रहे हैं। यात्रियों को टिकट बुकिंग कराते समय वेबसाइट पर ही डिटेल में जाकर स्टेटस चेक करने की जरूरत है, ताकि वे धोखे में न रहें। एयरलाइंस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
एलाइंस की बरेली से सीधे नहीं चंडीगढ़ की फ्लाइट, यह है कनेक्टिंग व्यवस्था
एलाइंस एयर की ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट पर बरेली से दिल्ली के अलावा चंडीगढ़ और जयपुर के लिए फ्लाइट दिखा रही है। हालांकि इसमें जयपुर के लिए शेड्यूल सक्रिय नहीं होना भी लिखकर आ रहा है। बरेली से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट होने का स्टेटस वेबसाइट पर शो हो रहा है। इस वजह से तमाम यात्री बरेली से चंडीगढ़ के लिए बुकिंग भी करा लेते हैं, लेकिन नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें मालूम होता है कि बरेली से सीधी फ्लाइट चंडीगढ़ तक नहीं है। कनेक्टिंग फ्लाइट के तहत एलाइंस एयर यह सुविधा दे रहा है। इसमें यात्री को नई दिल्ली के एयरपोर्ट से ही एलाइंस एयर की फ्लाइट चंडीगढ़ के लिए मिलती है। इसका किराया भी वेबसाइट के अनुसार बरेली से चंडीगढ़ का 7236 रुपये दिखा रहा है।
इंडिगो एयरलाइंस इसलिए बरेली टू गोवा दिखा रही फ्लाइट
इंडिगो एयरलाइन की बरेली से मुंबई और बेंगलुरू के लिए ही फ्लाइटें हैं। अन्य किसी शहर के लिए बरेली से सीधी फ्लाइट नहीं हैं , लेकिन इंडिगो की ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट पर बरेली से गोवा की भी फ्लाइट दिखा रहा है। बुकिंग साइट पर जब पूरी बात जानी तब मालूम हुआ कि कनेक्टिंग फ्लाइट के तहत बरेली से गोवा के लिए फ्लाइट शो हो रही है। बरेली से पहले मुंबई फ्लाइट जाएगी, फिर मुंबई से गाेवा के लिए फ्लाइट मिलेगी। वेबसाइट पर बरेली टू गोवा का 22371 रुपये किराया दिखाया गया है। इंडिगो की यह व्यवसायिक फ्लाइट है, इसलिए इसका किराया भी ज्यादा है।
बरेली से बैंकॉक फ्लाइट के झंझट में न पड़े
इंडिगो की बरेली से बैंकॉक की फ्लाइट भी बुकिंग वेबसाइट पर शो है, लेकिन बरेली से बैंकॉक के लिए कोई फ्लाइट नहीं है। इंडिगो कनेक्टिंग फ्लाइट के तहत बरेली से बैंकॉक के लिए यह सुविधा देना दिखा रहा है। पहले बरेली से मुंबई फिर मुंबई से बैंकॉक की फ्लाइट है। बरेली से बैंकॉक 32004 रुपये किराया बुकिंग साइट पर दिखा रहा है।
ये भी पढ़ें- बरेली: 300 बेड अस्पताल में शुरू हुईं तीन नए विभागों की ओपीडी
