मुरादाबाद : अब जिला महिला अस्पताल में अटेंडेंट कार्ड दिखाकर ही मिलेगा प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दस साल बाद महिला अस्पताल में दी जा रही स्किल बर्थ अटेंडेंट ट्रेनिंग

महिला अस्पताल में अटेंडेंट कार्ड लेकर मरीज से मिलने जाती तीमारदार

मुरादाबाद,अमृत विचार। जिला महिला अस्पताल में अब अगर किसी मरीज से मिलने के लिए अंदर जाना है तो पहले अटेंडेंट कार्ड दिखाना होगा। कार्ड नहीं होने पर आप मरीज से नहीं मिल पाएंगे। इतना ही नहीं लेबर रूम में भी बर्थ कंपेनियन कार्ड की व्यवस्था की गई है। यह महिला के परिवार के महिला सदस्य को ही दिया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ सुनीता पाण्डेय ने बताया कि अस्पताल में मरीज के साथ आने वाले तीमारदारों की भीड़ को कम करने के लिए यह नई व्यवस्था लागू की गई है। बच्चे के जन्म के बाद जच्चा और बच्चा के संक्रमित होने का सबसे अधिक खतरा होता है। कई बार मरीज के पास बाहर से आने वाले तीमारदार बच्चे को बिना हाथ धोए उठा लेते हैं। ऐसे में संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसलिए इस व्यवस्था को अब सख्ती के साथ अस्पताल में लागू कर दिया गया है। यह कार्ड मरीज के साथ आने वाले व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती के समय ही दे दिया जाएगा। लेबर रूम के बाहर भी भीड़ को कम करने के लिए बर्थ कंपेनियन कार्ड की व्यवस्था लागू की गई है। यह कार्ड परिवार के केवल महिला सदस्य को ही दी जाएगी। 

महिला अस्पताल में स्टाफ नर्स को दी जा रही एसबीए ट्रेनिंग
जिला महिला अस्पताल में दस साल बाद स्किल बर्थ अटेंडेंट की ट्रेनिंग मास्टर ट्रेनर दे रहे हैं। इसमें सरकार की ओर से समय-समय पर व्यवस्था में किए जाने वाले बदलाव और आधुनिक परिवेश के अनुसार जानकारी दी जाती है। यह प्रशिक्षण पीडियाट्रीशियन डॉ. मुजीबउल्ला, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता, नैंसी नर्स मेंटर टीएसयू और सिस्टर प्रेरणा दे रही हैं। यह 21 दिनों तक स्टाफ नर्स को दी जाएगी।

 

संबंधित समाचार