दिल्ली आबकारी नीति धनशोधन मामले में ईडी ने चार्जशीट की दाखिल
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को दिल्ली आबकारी नीति धनशोधन मामले में यहां एक अदालत के समक्ष अपना पहला आरोप पत्र दाखिल किया जिसमें शराब व्यवसायी समीर महेंद्रू को एक आरोपी के रूप में नामजद किया गया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंडोस्पिरिट्स के प्रवर्तक महेंद्रू के अलावा, अभियोजन की शिकायत में दो अन्य व्यक्तियों को भी सूचीबद्ध किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आरोप पत्र लगभग 3,000 पृष्ठों का है जिसमें आरोपियों के बयान और अनुलग्नक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोप पत्र में धनशोधन निवारण अधिनियम(पीएमएलए) की धाराएं लगाई गई हैं।
ये भी पढ़ें- गुजरात में कांग्रेस की अक्षमता की वजह से आज भाजपा सत्ता में है: असदुद्दीन ओवैसी
एजेंसी ने कहा कि उसने इस मामले में अब तक 169 तलाशी अभियान चलाये हैं। यह मामला दिल्ली के उपराज्यपाल की सिफारिश पर दर्ज की गई सीबीआई की प्राथमिकी का संज्ञान लेने के बाद दायर किया गया था। अधिकारियों ने कहा था कि जुलाई में दायर दिल्ली के मुख्य सचिव की रिपोर्ट के निष्कर्षों पर सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी जिसमें जीएनसीटीडी अधिनियम 1991, व्यापार नियमों के लेनदेन (टीओबीआर)-1993, दिल्ली उत्पाद शुल्क अधिनियम-2009 और दिल्ली उत्पाद शुल्क नियम-2010 का प्रथम दृष्टया उल्लंघन दर्शाया गया था।
ये मेरे लिए बेहद गर्व की बात है कि इनकी तमाम साज़िशों और झूठी FIRs के बाद भी ये मेरे ऊपर कोई आरोप नहीं लगा पा रहे. 800 अफ़सरों की टीम ने 500 जगह रेड कर जो चार्जशीट बनाई है उसमें मेरा नाम नहीं है.
— Manish Sisodia (@msisodia) November 26, 2022
CBI और ED की चार्जशीट ने साबित कर दिया कि कोई शराब घोटाला नहीं हुआ. https://t.co/IO0jI1zGvc
ईडी इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ के बाद 27 सितंबर को प्रवर्तन निदेशालय ने महेंद्रू को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने भी इस सप्ताह की शुरुआत में इस मामले में अपना पहला आरोप पत्र दाखिल किया था। वहीं आरोप-पत्र दाखिल होने के बाद ED की चार्जशीट में भी मनीष जी का नाम नहीं होने पर केजरीवाल ने कहा शिक्षा क्रांति से दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाले मनीष जी को झूठे केस में फंसाने के लिए क्या मोदी जी को देश से माफ़ी नहीं मांगनी चाहिए? अच्छा काम करने वालों को जेल में डालने से क्या देश आगे बढ़ेगा?
ये भी पढ़ें- सामाजिक कार्यकर्ता आनंद तेलतुंबडे जेल से रिहा, इस मामले में हुए थे गिरफ्तार
