दहेज उत्पीड़न : अतिरिक्त मांग के लिए पत्नी को घर से किया बेघर, मुकदमा दर्ज
अमृत विचार, विशेश्वरगंज, बहराइच। जिले के अमराई गांव निवासी विवाहिता को ससुराल के लोगों ने सोने की चेन और पांच लाख रुपये नकदी की मांग पूरी न होने पर रात में मारापीटा। इसके बाद घर से भगा दिया। पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम अमराई के मजरा मगराइच पुरवा निवासी रूबी तिवारी पुत्री राम दयाल तिवारी ने थाने में तहरीर देकर कहा है कि उसका विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व दिनेश कुमार के साथ हुआ था। उसका कहना है कि विवाह के समय हैसियत के हिसाब से दान दहेज भी दिया गया था।
इसके बाद भी पति और ससुराल के अन्य लोग पांच लाख रुपए नकदी और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। डिमांड पूरी न होने पर शुक्रवार रात को सभी ने मारपीट की। इसके बाद घर से भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक श्याम देव चौधरी ने बताया कि रूबी की तहरीर पर पति दिनेश कुमार, ससुर ज्ञान प्रकाश तिवारी, सास, ननद समेत सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद सभी की गिरफ्तारी की जायेगी।
