बरेली: तलैया बनी सड़क, गोल मार्केट की दुकानों में घुसा पानी
सड़क पर फिसलन और जलभराव के बीच निकल रहे लोग, हो सकता है हादसा
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल का निर्माण शुरू होने के साथ व्यापारियों और राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कोतवाली रोड पर आना-जाना प्रतिबंधित है, लेकिन निर्माण क्षेत्र में बाजार खुला है। ग्राहक भी दिक्कतें झेलते हुए फिसलन वाले रास्ते से होकर सामान खरीदने के लिए दुकानों तक पहुंच रहे हैं। शनिवार को निर्माण क्षेत्र में पेयजल लाइन का पानी पंपिंग सेट से निकाला गया तो गोल मार्केट की रेडीमेड कपड़ा दुकानों समेत अन्य दुकानों में पानी भर गया।
ये भी पढ़ें- बरेली: गन्ना लदी भैंसा और बैल गाड़ियों पर रिफ्लेक्टर लगाना अनिवार्य, निर्देश जारी
कीचड़युक्त सड़क भी पानी से लबालब होने पर तलैया जैसी दिखने लगी। इससे व्यापारी दिनभर परेशान रहे और दुकानों में घुसा पानी व्यापारियों ने बाल्टियों से निकाला। पानी गंदा होने से संक्रामक रोग फैलने की आशंका सताई तो व्यापारी दुकान में पैर ऊपर कर मेज पर बैठे नजर आए। गोल मार्केट में गुलशन कुमार, सुनील बटन स्टोर, जाबिद भाई, मधु गुलाटी, प्रशांत गुप्ता आदि की रेडीमेड कपड़ा दुकानों में पानी आने से दिक्कतें ज्यादा हुई।
इस क्षेत्र में अव्यवस्था इतनी बढ़ गई है कि ग्राहकों ने निर्माण क्षेत्र की दुकानों में आना कम कर दिया है। इससे बड़ी संख्या में व्यापारियों के सामने रोजी -रोटी, बिजली बिल, दुकानों में कार्यरत आदमियों की तनख्वाह देने समेत अन्य कार्य करने में दिक्कतें आनी शुरू हो गई हैं। निर्माण कार्य एक माह से चल रहा है। पिलर की खोदाई के दौरान सड़क पूरी तरह से खत्म हाे चुकी है। मिट्टी, गड्ढे, मशीनरी ही इस क्षेत्र में दिखाई दे रही है। इससे ग्राहकों ने भी मुंह फेरना शुरू कर दिया है। इसके साथ कीचड़ वाले रास्ते से निकलने में हादसा हाेने का भी डर बना हुआ है।
सहालग सीजन, दुकानों में नहीं ग्राहक
व्यापारी नेता दर्शन लाल भाटिया ने बताया कि दो दिन से सड़क पर पानी भरा है। इससे राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। काेरोना के बाद पुल निर्माण ने कारोबार खत्म कर दिया है। ढलान ज्यादा होने से 10 इंच पाइप से पानी छोड़ने से समस्या हुई है। दिनभर जेनरेटर चलने की वजह से भी दिक्कतें हो रही हैं। सहालग सीजन चल रहा है, लेकिन ग्राहक नही हैं। व्यापारियों का कारोबार चौपट हाे गया है।
ये भी पढ़ें- बरेली कॉलेज की छात्रा को बहला फुसलाकर ले गया शोहदा, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
