बाजपुर: पश्चिम बंगाल में तैनात जिले का जवान शहीद, क्षेत्र में शोक की लहर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। बाजपुर के थापक नगला निवासी जवान प्रकाश सिंह पुत्र कश्मीर सिंह पश्चिम बंगाल के कंचन पारा पोस्ट पर शहीद हो गए। सेना मुख्यालय से मिली सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। निधन का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है।

प्रकाश सिंह 1811 मीडिएम रेजीमेंट पश्चिम बंगालन में तैनात थे। घटना की अभी तक कोई अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है। सेना मुख्यालय ने निधन की सूचना परिजनों को दी गई है। गांव निवासी लाल सिंह ने बताया कि प्रकाश दीपावली पर घर आए थे और करीब 15 दिन की छुट्टी बिताने के बाद 9 नवंबर को वापस ड्यूटी पर लौट गए थे। उनकी अपनी पत्नी जसमीत कौर सहित अन्य परिजनों से भी वार्ता हुई थी।

रविवार सुबह आई निधन की खबर से जहां स्वजनों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। प्रकाश अपने पीछे पत्नी व तीन वर्ष की बच्ची अश्मीत को छोड़ गए हैं। उनके माता पिता का निधन पहले ही हो चुका है, जबकि तीन भाइयों का परिवार खेती किसानी करता है। प्रकाश सिंह का एक भतीजा भी सेना में है, जो वर्तमान में सूरतगढ़ राजस्थान में कार्यरत है।

संबंधित समाचार