लखनऊ : आप सांसद बोले, कच्चे तेल में गिरावट के बाद भी पेट्रोल-डीजल इतना महंगा क्यों है ?
अमृत विचार, लखनऊ। पेट्रोल डीजल की कीमतों को लेकर उत्तर प्रदेश प्रभारी व आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने रविवार को बयान जारी करते हुए कहा की भाजपा सरकार महंगाई पर बात करने को तैयार नहीं है। रविवार को उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बीते 10 माह में कच्चे तेल का दाम सबसे कम हो गया है इसके बावजूद भी पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई गिरावट नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि जून के 116 डॉलर के मुकाबले अब प्रति बैरल पर क्रूड 89 डॉलर का हो गया है और वैश्विक राजनीतिक हालात को देखते हुए प्रति बैरल 70 डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने कहा की लखनऊ में भी पिछले काफ़ी समय से एक ही जगह कीमतें रुकी हैं जो आम आदमी के बस के बाहर है।
उन्होंने कहा पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्य में कोई भी राहत नहीं दी जा रही है यहां तक कि पेट्रोलियम मंत्रालय और तेल कंपनियों ने भी चुप्पी साध रखी है। उन्होंने केंद्र सरकार को आरोपों के घेरे में लेते हुए कहा कि यह बड़े पैमाने का भ्रष्टाचार है जिससे जनता आहत हो रही है लेकिन सरकार केवल अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने में व्यस्त है।
उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया की सभी कार्यकर्ता हर दिन लोगो से संपर्क जारी रखे और जनता के हर मुद्दे को उठाये। उन्होंने कहा निकाय चुनाव में पार्टी हर सीट चुनाव लड़ेगी।
