बागेश्वर: ढूंगापाटली में अवैध खनन की जांच प्रारंभ
बागेश्वर, अमृत विचार। ढूंगापाटली में अवैध रूप से खनन व रात्रि में मशीनों के चलने की शिकायत की प्रशासन ने जांच प्रारंभ कर दी है। राजस्व उप निरीक्षक ने गांव में जाकर ग्राम प्रधान के बयान दर्ज किए। इधर, ग्राम प्रधान ने गत वर्ष की जांच समेत वर्तमान जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किए जाने व कार्रवाई से अवगत कराने की मांग की है।
बता दें कि ग्राम प्रधान गणेश रावत द्वारा ढूंगापाटली में खान मालिक खिमुलीदेवी द्वारा अवैध रूप से खनन करने, मलबा नदी में डालने व रात में जेसीबी से खनन करने की शिकायत की जाती रही है परंतु अब तक प्रशासन व खान विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इधर, गत दिनों प्रधान ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल किया जिसके बाद प्रशासन की नींद खुली तथा जांच प्रारंभ की। इधर राजस्व उपनिरीक्षक गीता जोशी ने गांव में जाकर ग्राम प्रधान गणेश रावत के बयान दर्ज किए। जांच रिपोर्ट उनके द्वारा उचित माध्यम से जिलाधिकारी के पास सौंपी जाएगी। इधर ग्राम प्रधान गणेश रावत ने जांच को सार्वजनिक किए जाने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी प्रशासन ने जांच की। जिसकी रिपोर्ट व क्या कार्रवाई हुई, यह अब तक सामने नहीं आया है। इधर विभिन्न संगठनों का मानना है कि जब ग्रामीण रात में खनन की शिकायत कर रहे हैं तथा इसके वीडियो भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं व खनन क्षेत्र से इसकी शिकायत अधिकारियों से कर रहे हैं। इसके बाद भी जांच तथा किसी प्रकार की कार्रवाई न करना प्रशासन पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जग जाहिर होने के बाद भी कई मामलों को जांच के नाम पर टहलाया जाता रहा है।
मलबा डालने के मामले में ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं
बागेश्वर। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में नदी में मलबा डालने की शिकायत पर लोनिवि ने प्रशासन के निर्देश पर मलबा डालना तो बंद कर दिया परंतु ठेकेदार या विभाग पर कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे साफ है कि गलती करने वालों को बख्शा गया है। इधर, ग्रामीणों ने इस मामले की कार्रवाई स्पष्ट करने की मांग की है। कहा कि यदि कार्रवाई नहीं की तो इसकी शिकायत अदालत से की जाएगी।
