किच्छा: फास्ट फूड की दुकान में आग से भारी नुकसान
किच्छा, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते फास्ट फूड की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने भीड़ को दूर हटाया। घटना की जानकारी पर पहुंचे दमकल वाहन ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। घटना में करीब ढाई लाख रुपए का माल जलकर खाक होने का अनुमान है। व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष नितिन फुटेला ने मौका मुआयना करते हुए पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधाया और आर्थिक मदद का चैक सौंपा।
जानकारी के अनुसार नगर निवासी प्रेम शंकर पुत्र रोशन लाल की बरेली मार्ग स्थित अनुपम सिनेमा मार्केट में दी वेज किंग नाम से फास्ट फूड की दुकान है। रविवार की सुबह करीब 8 बजे बंद दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय व्यापारियों ने दुकान स्वामी प्रेमशंकर को मामले की जानकारी दी। प्रेम शंकर के मौके पर पहुंचने से पूर्व ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों द्वारा इस दौरान आग बुझाने का काफी प्रयास किया गया परंतु कोई सफलता नहीं मिली।
सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। घटना में दुकान में रखा फ्रिज, आइसक्रीम फ्रीज, पिज्जा ओवन, काउंटर, अलमारी, इनवर्टर -बैटरी सहित तमाम इलेक्ट्रॉनिक समान, बर्तन व खाने पीने का सामान जलकर खाक हो गया। दुकान स्वामी प्रेमशंकर ने बताया कि घटना में करीब दो लाख 70 हजार रुपए का माल नष्ट हो गया है। व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष नितिन फुटेला ने पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने व्यापार मंडल के माध्यम से 31 सौ रुपए का चेक पीड़ित व्यापारी को सौंपा। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित व्यापारी को मुआवजा देने की मांग की।
