अल्मोड़ा: हमलावर तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाया पिंजरा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के द्वाराहाट ब्लॉक के मल्ली मिरई गांव के भौरा तोक में मां बेटे समेत एक अन्य महिला पर हमला करने वाले तेंदुए को पकड़ने की कवायद तेज कर दी गई है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए भौरा तोक क्षेत्र में पिंजरे लगा दिया है और तेंदुए की गतिविधि पर भी नजर रखी जा रही है। 

सोमवार की शाम करीब चार बजे भौरा निवासी सुमित पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। शोर सुनने के बाद उसकी मां पुष्पा देवी व गांव की बचुली देवी सुमित को बचाने दौड़े। लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। तेंदुए के हमले में सुमित और बचुली देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस कारण सीएचसी द्वाराहाट से हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। जबकि पुष्पा देवी को सीएचसी में उपचार चल रहा है।

घटना के बाद मंगलवार को डिप्टी रेंजर मदन मोहन तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम पिंजरा लेकर भौरा तोक पहुंची। घटना स्थल का मुआयना कर वहां पिंजरा लगा दिया गया। डिप्टी रेंजर ने बताया कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद प्रपत्र तैयार कर मुआवजे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। तिवारी ने बताया कि हालांकि तेंदुए के हमले के बाद अभी तक उसकी कोई गतिविधि सामने नहीं आई है। लेकिन फिर भी सतर्कता बरतते हुए तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रहा है।

तिवारी ने कहा है कि शीघ्र ही हमलावर तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी फिलहाल सतर्क रहने की बात कही है। पिंजरा लगाने पहुंची वन विभाग की टीम में डिप्टी रेंजर मदन मोहन तिवारी के अतिरिक्त रोशन कुमार, कमल नेगी, महेश चंद्र जोशी, मंजू कबडोला, हिमांशु पंत मौजूद रहे।

संबंधित समाचार