तेंदुआ की दशहत : गांव में सात मवेशियों को बना चुका है निवाला
लगातार तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल
अमृत विचार, बिछिया, बहराइच। कारीकोट जमुनिहा गांव में सोमवार रात को तेंदुओं ने ताबड़तोड़ हमले किए। तेंदुओं ने सात मवेशियों को निवाला बना लिया। निरंतर हमले को लेकर गांव के लोगों में दहशत है।
कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत जमुनिहा गांव में सोमवार रात में दो तेंदुओं ने एक साथ एक ही घर में छलांग लगा दी। तेंदुओं ने पालतू जानवरों के अहाते में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। तेंदुओं ने गांव निवासी मनीराम पुत्र फकीरे की एक बकरी और कुतिया व उसके सात पिल्लों को मौत के घाट उतार दिया।
जानवरों की छटपटाहट सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुली तो उन्हें तेंदुओं के घर में घुसे होने का अंदाज़ा लगा। परिवार के लोगों ने शोर मचाते हुए पड़ोसियों को एकत्रित किया और हाका लगाना शुरू किया।
हाका लगाने पर घर से दीवार पर छलांग लगाकर भागते हुए दो तेंदुओं को लोगों ने देखा। तेंदुओं ने पिल्लों को मारकर बकरी और कुतिया को जबड़े में दबोचकर जंगल की ओर भाग गए। इस दौरान पूरी रात ग्रामीण हाका लगाते रहे ।
ग्रामीणों की सूचना पर सुबह घटना की पुष्टि करने वन कर्मी पीड़ित के घर पहुचे तो उन्होंने पिल्लों को मरा पाया । वहीं खेत और घर में कई जगह तेंदुओं के पगचिह्न भी देखे गए हैं। जिसकी सूचना उसने रेंज कार्यलय पर दी है। लेकिन कोई भी वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है पीड़ित ने वन विभाग से तेंदुओं से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
