हरदोई: दिनदहाड़े तीन लाख की लूट से मचा हड़कंप, मौके पर खुद पहुंचे एसपी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, शाहाबाद/ हरदोई। जन सेवा केंद्र के एक संचालक से दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने तमंचे की बटों से हमला करके उसे लहूलुहान कर दिया और तीन लाख रूपए छीन कर चंपत हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इलाकाई पुलिस ने नाकेबंदी करके बदमाशों की छानबीन शुरू कर दी है। घटना की सूचना पाकर एस पी भी शाहबाद पहुंचे और पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। 

ये भी पढ़ें -अयोध्या: सुप्रीम कोर्ट से रोक के बाद भी दिया जाता रहा वेतन, जानिये क्या है पूरा मामला

मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम हाथीपुर निवासी राहुल द्विवेदी पुत्र संजय कुमार द्विवेदी शाहाबाद थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर कल्लू आंझी स्टेशन पर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। सुबह तकरीबन 10:30 बजे के आसपास वह अपने घर से एक बैग में तीन लाख रूपए  लेकर बाइक से जनसेवा केंद्र आ रहे थे। राहुल की बाइक जैसे ही नगला गणेश मोड़ पर पहुंची वैसे ही एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश पीछे से आए और उन्होंने तमंचे की बट से राहुल के सिर पर वार कर दिया और तीन लाख की नकदी का बैग छीनने लगे। राहुल ने विरोध किया तो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की । दहशत में राहुल ने अपना बैग छोड़ दिया बदमाश राहुल को लहूलुहान करके बैग लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। 

सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एसके मिश्र फोर्स बल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों की नाकेबंदी के लिए पुलिस को चारों तरफ रवाना कर दिया। इधर सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक राजेश त्रिवेदी भी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना करने के बाद सीएचसी पहुंचकर घायल से बातचीत की। तथा पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उधर सीएचसी से घायल राहुल द्विवेदी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

संबंधित समाचार