अल्मोड़ा: अब रेगुलर पुलिस सुलझाएगी विकास हत्याकांड की गुत्थी
अल्मोड़ा, अमृत विचार। द्वाराहाट के दल्माड़ गांव में दो श्रमिकों के बीच हुए विवाद के बाद एक श्रमिक की हत्या के मामले की जांच अब रेगुलर पुलिस करेगी। एसडीएम जयवर्धन शर्मा ने इसकी संस्तुति कर डीएम को पत्र भेज दिया है। हत्यारोपी अब तक राजस्व पुलिस की पकड़ से दूर है।
उतर प्रदेश के बरेली की बहेड़ी तहसील के नवाबगंज थाने के कुडराकोटी गांव निवासी कल्लूनाथ गोस्वामी ने अपने बेटे की हत्या का केस राजस्व पुलिस में दर्ज कराया है। परिजनों का कहना है कि मामला रेगुलर पुलिस के हवाले जल्द हो जाएगा तो आरोपी के जल्द गिरफ्तार होने की उम्मीद भी बढ़ जाएगी। परिजन बुधवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद अपने जवान बेटे विकास का शव बरेली ले गए।
गुरुवार को उसका दाह संस्कार किया गया। जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में हैं। मृतक के तीन भाई और तीन बहनें, माता-पिता आदि घटना से सदमे में हैं। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों विकास और उसके एक साथी के बीच चाय के लिए दूध को लेकर विवाद हो गया था। जिसमें विकास के साथी ने अलाव के रखी लकड़ी के गिल्टे से उस पर प्रहार कर दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी।
