हल्द्वानी: देवभूमि के इमानदार ऑटो वाले ने जीता गुजरातियों का दिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि के गरीब ऑटो चालक का बड़ा दिल देख कर शुक्रवार को हर कोई हैरत में पड़ गया। इस बड़े दिल वाले ऑटो चालक की इमानदारी तमाम लोगों के लिए मिसाल भी बन गई। इस इमानदार ऑटो वाले को लोगों ने गोद में उठा लिया और फूल-मालाओं से लाद कर उनका आभार जताया। 

हुआ यूं कि अपनी बेटी की शादी के लिए एक परिवार गुजरात से हल्द्वानी पहुंचा। परिवार एक होटल में ठहरा था। शादी के लिए दुल्हन तैयार थी और बैंक्वेट हॉल तक जाने के लिए दुल्हन और परिवार एक ऑटो में सवार हुआ। ये ऑटो मूल रूप से बागेश्वर के रहने वाले कीर्ति बल्लभ जोशी चला रहे थे, जो यहां हरिपुर में किराए पर रहते हैं। कीर्ति ने दुल्हन और परिवार को बैंक्वेट हॉल छोड़ा और फिर वह अपने घर चले गए।

इधर, बैंक्वेट हॉल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पता लगा कि छह लाख की ज्वैलरी और पचास हजार रुपये से भरा बैग ऑटो में छूट गया है। घटना से परिवार के साथ ही लड़की वाले मायूस हो गए। लोगों ने पुलिस के पास जाने की तैयारी कर ली। इधर, घर में मौजूद कीर्ति को दो घंटे बाद स्कूल के बच्चे लेने जाना था। जब वह ऑटो में पहुंचे तो उनकी निगाह बैग पर पड़ी। खोल कर देखा तो उसमें गहने और पैसे थे। समझते देर नहीं लगी कि बैग दुल्हन का है। दो घंटे बाद जब वह बैग लेकर बैंक्वेट हॉल पहुंचे तो लोग अवाक रह गए। लोगों को भरोसा ही नहीं था कि इतना कीमती बैग मिलने के बाद कोई लौटाने भी आ सकता है। 

कीर्ति की इमानदारी से गदगद लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। उन्हें मिष्ठान खिलाया और बतौर इनाम उन्हें पैसे भी देने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने यह कहकर इंकार कर दिया कि उन्हें भी कन्यादान करना है। बैंक्वेट हॉल में कीर्ति ने दुल्हन को आर्शीवाद दिया और लोगों ने कीर्ति की इमानदारी से सीख लेने को कहा। 

 

संबंधित समाचार