मेरठ: गैस एजेंसी के कर्मचारियों से सवा लाख की लूट, चार टीम गठित, CCTV खंगाल रही पुलिस
मेरठ, अमृत विचार। सदर थाना क्षेत्र के सोफिया स्कूल के पास प्रतिदिन का कैश इकट्ठा कर एजेंसी मालिक को देने बाइक से जा रहे चार कर्मचारियों से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर पर कैश लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश धमकी देकर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया। परंतु, बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।
यह भी पढ़ें- मेरठ: जेल से पैरोल पर छूटे 10 बंदियों का नहीं कोई सुराग, अवधि हुई पूरी, अब चलेगा सर्च अभियान
मालिक को देने जा रहे थे दिनभर का कैश
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पासी गैस एजेंसी है। शुक्रवार को गैस एजेंसी पर काम करने वाला कर्मचारी छोटे लाल अन्य तीन कर्मचारियों के साथ दिनभर का कैश एकत्रित कर दो बाइकों से एजेंसी मालिक के पास जा रहे थे। कर्मचारी के अनुसार बैग में सवा लाख रुपये थे।
सदर थाना क्षेत्र के सोफिया स्कूल के पास पहुंचते ही बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवर टेक कर रोक लिया और तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी देते हुए कैश से भरा बैग लूट लिया। बदमाश धमकी देकर भाग निकले। कर्मचारियों के शोर मचाने पर आस पास के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी, सर्विलांस की भी ली जा रही मदद
घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं, एजेंसी मालिक भी घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना पर एसपी सिटी पीयूष कुमार मौके पर पहुंचे और आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। उन्होंने पुलिस को चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। परंतु, बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने घटना का खुलासा करने के लिए चार टीमों को लगाया है।
क्या बोले एसपी सिटी?
एसपी सिटी पीयूष कुमार ने बताया कि सोफिया स्कूल के बाद बदमाशों ने एजेंसी कर्मचारियों के साथ सवा लाख की लूट को अंजाम दिया है। घटना का जल्द खुलासा करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटनास्थल पर एक्टिव मोबाइलों को ट्रेस करने के लिए सर्विलांस की भी सहायता ली गई है। जल्द घटना का खुलासा किया जायेगा।
यह भी पढ़ें- मेरठ निगम की आरक्षण सूची जारी, 90 में से 34 वार्ड अनारक्षित, 56 किए गए आरक्षित
