बरेली: भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता की लघु फिल्म से रसोइये होंगे प्रशिक्षित
15 जनवरी तक रसोइयों को प्रशिक्षित करने की रूपरेखा तैयार, रसोइयों के मोबाइल फोन में डाउनलोड किया जाएगा ऐप, देंगे उत्तर बरेली, अमृत विचार।
बरेली, अमृत विचार। रसोइयों को प्रशिक्षित कर गुणवत्ता पूर्ण भोजन तैयार कराने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से पोषणा नाम से एक लघु फिल्म का निर्माण कराया गया है। बेसिक के सभी स्कूलों में इस फिल्म को प्रकाशित कर रसोइयों को स्वच्छता व गुणवत्ता के साथ भोजन तैयार करने को प्रेरित किया जाएगा। इस संबंध में बीएसए को शासन से प्राप्त पत्र के मुताबिक लघु फिल्म के जरिए रसोइयों को प्रशिक्षित भी किया जाएगा।
ये भी पढ़ें - बरेली: पांच नवीन अर्बन पीएचसी पर जल्द तैनात होंगे पांच डॉक्टर
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इस फिल्म में भोजन तैयार करते समय स्वच्छता से जुड़े कई अहम बिंदुओं के साथ पारंपरिक पाक कला के अतिरिक्त रसोइया अपने हुनर में और निखार ला सकते हैं। इसके लिए प्रत्येक स्कूलों में तैनात रसोइयों को प्रशिक्षित किया जाएगा। फिल्म को प्रसारित करने के लिए स्कूलों के इंचार्ज, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
यह फिल्म रसोइयों के अलावा अन्य लोग भी आसानी से देख सकें इसके लिए मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण व मिशन प्रेरणा की वेबसाइट पर भी अपलोड की गई है। साथ ही यूट्यूब पर भी वीडियो उपलब्ध कराई गई है। महानिदेशक के भेजे पत्र के अनुसार 15 जनवरी तक रसोइयों को प्रशिक्षित कराना होगा। इसके लिए न्याय पंचायत व ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देने की रूपरेखा तैयार हो गई है।
प्रश्नों के उत्तर भी देंगे रसोइये: लघु फिल्म दिखाने के बाद रसोइयों को प्रशिक्षित करने के लिए एक ऐप तैयार कराया गया है। यह ऐप सभी रसोइयों के मोबाइल फोन में डाउनलोड कराया जाएगा। इसके बाद ऐप में दिए गए प्रश्नों के सही उत्तर रसोइयों को स्वयं देने होंगे। सही उत्तर देने पर रसोइयों को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - बरेली: तेज तर्रार महिला अफसर का पीछा कर रहा शोहदा, रिपोर्ट दर्ज
