ईरान ने चार लोगों को दी फांसी, इजराइल के लिए जासूसी करने का आरोप
तेहरान। ईरान प्रशासन ने इज़राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए काम करने के आरोप में चार लोगों को रविवार को फांसी दे दी है। वहीं, तीन अन्य को लंबी कैद की सजा सुनाई गई है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने बताया कि देश के रेवलूशनेरी गार्ड ने इज़राइली एजेंसी से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। कहा कि ये लोग निजी और सरकारी संपत्ति की चोरी करते थे तथा व्यक्तियों को अगवा कर उनसे पूछताछ करते थे।
एजेंसी की खबर में कहा गया है कि इन कथित जासूसों के पास हथियार थे और उन्हें ‘क्रिप्टोकरेंसी’ के रूप में मोसाद से मेहनताना मिलता था। ईरान और इज़राइल कट्टर दुश्मन हैं। इरना ने बताया कि जिन्हें फांसी दी गई है उनमें हुसैन ओरदोखानज़ादा, शाहीन इमानी मोहमुदाबादी, मिलाद अशरफी और मनौचेहर शाहबंदी शामिल हैं।
एक दूसरे के कट्टर दुश्मन हैं इजराइल-ईरान
ईरान और इस्राइल एक दूसरे के कट्टर दुश्मन हैं। ईरान इजरायल को मान्यता नहीं देता है और इजरायल विरोधी आतंकवादी समूहों जैसे हिजबुल्लाह और हमास का समर्थन करता है। ईरान और इस्राइल लंबे समय से एक-दूसरे पर जासूसी के आरोप लगाते रहे हैं। इजराइल ईरान को अपना सबसे बड़ा खतरा मानता है और ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए बार-बार सैन्य कार्रवाई करने की धमकी देता रहा है।
ये भी पढ़ें : ईरान में परमाणु संयंत्र का निर्माण शुरू, आठ साल में होगा तैयार, लागत दो अरब डॉलर
