आईओए सदस्य ने खेल मंत्रालय को लिखा पत्र, मेहता को हटाने की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की कार्यकारी परिषद (ईसी) के सदस्य भोलानाथ सिंह ने आईओए के सचिव राजीव मेहता के खिलाफ शिकायत की है और कहा है कि वह देश के अलग-अलग खेल संगठनों में अलग-अलग पदों पर काबिज हैं। सिंह ने खेल सचिव रवि मित्तल को लिखे पत्र में कहा है कि मेहता …

नई दिल्ली। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) की कार्यकारी परिषद (ईसी) के सदस्य भोलानाथ सिंह ने आईओए के सचिव राजीव मेहता के खिलाफ शिकायत की है और कहा है कि वह देश के अलग-अलग खेल संगठनों में अलग-अलग पदों पर काबिज हैं। सिंह ने खेल सचिव रवि मित्तल को लिखे पत्र में कहा है कि मेहता राज्य स्तर पर कई संघों में अलग-अलग पदों पर काबिज हैं और वह आईओए में भी पद पर है इसिलए उन्हें आईओए में से हटा देना चाहिए।

सिंह ने पत्र में लिखा, “उत्तराखंड खेल विभाग की वेबसाइट के मुताबिक मेहता उत्तराखंड ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष और उत्तरांजल राज्य फुटबाल संघ के भी अध्यक्ष हैं। यह बात भी ध्यान देने योग्य है कि उनकी पत्नी दीपा मेहता भी उत्तरांचल तैराकी संघ के अध्यक्ष पद पर काबिज हैं।” सिंह ने साथ ही कहा कि मेहता उत्तराखंड की सभी जिला क्रिकेट संघों में निदेशक पद पर हैं।

उन्होंने लिखा, “यह देखना होगा कि मेहता राज्य की फुटबॉल संघ में भी हैं, वह राष्ट्रीय स्तर पर खो-खो, ल्यूग, फेंसिंग बाकी की संघों में हैं और उनकी पत्नी तैराकी में राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर ल्यूग और खो-खो में हैं। शानदार प्रबंधन। ऐसा लगता है कि खेल व्यवसाय है सम्मान नहीं।”

सिंह ने कहा कि मेहता का फेंसिंग संघ का अध्यक्ष होना गैरकानूनी है क्योंकि खो-खो संघ का अध्यक्ष होने के बाद वह किसी और महासंघ में किसी और पद पर काबिज नहीं हो सकते। उनका भारतीय फेंसिंग संघ का चुनाव राष्ट्रीय खेल नियम-2011 के मुताबिक गैरकानूनी है। उन्होंने लिखा, “इसलिए खेल मंत्रालय से अपील की जाती है कि वह इन सभी तथ्यों पर ध्यान दे और इस बात का फैसला करे की कैसे एक इंसान इतने संघों में कई पदों पर रह सकता है।”

उन्होंने लिखा, “उम्मीद है कि कुछ खेल प्रशासकों की मजबूत लॉबी जिसमें राजीव मेहता और आईओए के उपाध्यक्ष सुधांशू मित्तल शामिल हैं, इस जांच को प्रभावित नहीं करेंगे। क्योंकि यह लोग कह रहे हैं कि खेल मंत्रालय में उनकी मर्जी के बिना उनका कोई कुछ नहीं कर सकता।” उन्होंने कहा, “मुझे आपमें और मौजूदा सरकार में पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि न्याय होगा और इस तरह के बेशर्म शख्सों को हटाया जाएगा।”

संबंधित समाचार