यूपी उपचुनाव: सपा-भाजपा के आरोप-प्रत्यारोप के बीच तीन बजे तक मैनपुरी में 44.13 रामपुर 26.32 और खतौली में 40.2 फीसदी हुआ मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर विधानसभा सीट पर सोमवार को हो रहे उपचुनाव में मतदान की गति बहुत ही धीमी है और अपराह्न तीन बजे तक केवल 26.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, इस उपचुनाव के दोनों प्रमुख दावेदार भाजपा और समाजवादी पार्टी एक दूसरे पर चुनावी प्रक्रिया में व्यावधान डालने सहित अन्य कई आरोप लगा रहे हैं। 

चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा और रामपुर तथा खतौली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। अपराह्न तीन बजे तक मैनपुरी में करीब 44.13 प्रतिशत, खतौली में करीब 40.20 और रामपुर में लगभग 26.32 फीसद मतदान हुआ है। इन उपचुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी (सपा) एवं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।

सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पुलिस बल के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया और यह भी कहा कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारी मतदाताओं को, खासकर रामपुर में, वोट डालने से रोक रहे हैं। उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती और परिणामों की घोषणा आगामी आठ दिसंबर को होनी है।

सपा ने अनेक स्थानों पर मतदान के दौरान धांधली का आरोप लगाया है। पार्टी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस तथा प्रशासन पर मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग इससे जुड़ी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है।

यह भी पढ़ें:-मैनपुरी लोकसभा सीट: 1957 के चुनाव में एक उम्मीदवार के हिस्से में नहीं पड़ा था एक भी वोट

संबंधित समाचार