गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी पर विदेश या गृह मंत्रालय बयान जारी करे: बाजवा
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने सोमवार को कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टर माइंड गोल्डी बराड़ की अमेरिका के कैलिफोर्निया में गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पुष्टि का भरोसा नहीं, विदेश या गृह मंत्रालय विस्तृत बयान जारी करें।
ये भी पढे़ं- कुढनी में भाजपा जीती तो क्या नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा- सुशील कुमार मोदी
बाजवा ने यहां जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री ने गुजरात में प्रेस सम्मेलन में बराड़ की गिरफ्तारी की पुष्टि की थी, पर इस पर संदेह है क्योंकि मान अतीत में विभिन्न मौकों पर झूठ बोलते पाये गये हैं।
बाजवा ने कहा कि जैसे मान ने सितंबर में जर्मनी दौरे के दौरान दावा किया था कि बीएमडब्ल्यू पंजाब में आटो पार्ट्स निर्माण इकाई लगाने को तैयार है, लेकिन एक दिन बाद ही बीएमडब्लयू ने बयान जारी कर कह दिया कि उनकी ऐसी कोई योजना नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी तरह मान ने किसानों को मूंग दाल उपज के लिए उकसाया, इस वायदे के साथ कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदेगी लेकिन बाद में किसानों ने खुद को ठगा महसूस किया क्योंकि उनकी उपज का केवल 10 फीसदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा गया।
विधानसभा में विपक्ष के नेता ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने गुजरात में पार्टी चुनाव प्रचार में पंजाब की कानून व्यवस्था, रोजगार, पुरानी पेंशन स्कीम और प्रदेश की वित्त व्यवस्था को लेकर कई मौकों पर झूठ बोले, इसलिए उन पर भरोसा करना मुश्किल है। बाजवा ने कहा कि चूंकि गोल्डी बराड़ मूसेवाला की हत्या का मास्टर माइंड माना जाता है, इसलिए पंजाबवासियों को बराड़ की गिरफ्तारी के बारे में सच जानने का हक है।
ये भी पढे़ं- PM मोदी ने G20 शिखर सम्मेलन पर सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की, कई मुख्यमंत्री हुए शामिल
