IND vs BAN: मेहदी हसन मिराज ने जड़ा शतक, बंगलादेश ने भारत के सामने रखा 272 रन का लक्ष्य
मीरपुर। बंगलादेश ने मेहदी हसन मिराज़ (100 नाबाद) के शतक और महमूदुल्लाह रियाद (77) के अर्द्धशतक की बदौलत दूसरे एकदिवसीय मैच में बुधवार को भारत के सामने 272 रन का लक्ष्य रखा। बंगलादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 69 रन पर छह विकेट गंवा दिये, लेकिन महमूदुल्लाह-मिराज़ की जोड़ी ने सातवें विकेट के लिये 148 रन की साझेदारी करके टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने टॉस हारकर गेंद से अच्छी शुरुआत की।
From 69/6 ➡ 271/7
— ICC (@ICC) December 7, 2022
Mehidy Hasan's brilliant ton not only helped Bangladesh to a good total in the second ODI, but also equalled a rare ODI batting record 😮#BANvINDhttps://t.co/JNMJ8kjwPC
दीपक चाहर ने जहां अपनी स्विंग गेंदबाजी से बल्लेबाजों को संशय में रखा, वहीं मोहम्मद सिराज ने अनामुल हक़ (11) और लिटन दास (सात) को छोटे स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। नजमुल हसन शान्तो तीन चौकों के साथ 21 रन बनाकर लय में दिख रहे थे लेकिन उमरान मलिक ने उन्हें 151 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर बोल्ड किया। पहला पावरप्ले खत्म होने के बाद कप्तान लोकेश राहुल ने वाशिंगटन सुंदर को गेंद सौंपी।
सुंदर ने शाकिब अल हसन, मुश्फिकुर रहीम और अफीफ हुसैन को आउट किया, जिससे बंगलादेश 69/6 के स्कोर के साथ संकट में पहुंच गयी। महमूदुल्लाह और मिराज़ ने यहां से बंगलादेश की पारी संभाली और उन्हें 200 रन के स्कोर के पार पहुंचाया। महमूदुल्लाह ने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी की जबकि मिराज़ ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। शतकीय साझेदारी होने के बाद महमूदुल्लाह ने भी हाथ खोले, हालांकि वह 96 गेंदों पर सात चौकों के साथ 77 रन बनाकर उमरान का शिकार हो गये।
उन्होंने आउट होने से पहले मिराज़ के साथ 148 रन जोड़े, जो एकदिवसीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ सातवें विकेट के लिये सबसे बड़ी साझेदारी है। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे नासम अहमद ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी की और मिराज़ के साथ आठवें विकेट के लिये 23 गेंदों पर 54 रन की साझेदारी कर बंगलादेश को 271/7 के स्कोर तक पहुंचाया।
नासम ने 11 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ नाबाद 18 रन बनाये, जबकि पारी की आखिरी गेंद पर अपना शतक पूरा करने वाले मिराज़ ने 83 गेंदों पर आठ चौकों और चार छक्कों के साथ 100 रन बनाये। भारत के लिये सुंदर ने 10 ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिये, जबकि उमरान मलिक ने 10 ओवर में 58 रन के बदले दो विकेट निकाले। मोहम्मद सिराज ने भी दो विकेट अपने नाम किये, हालांकि वह 10 ओवर में 73 रन देकर महंगे साबित हुए।
ये भी पढ़ें:- Pakistan: लाहौर में धुंध और खराब वायु गुणवत्ता के कारण सप्ताह में 3 दिन बंद रहेंगे स्कूल, पंजाब सरकार की घोषणा
