बरेली: ऑनलाइन राखी खरीद रहे ग्राहक, दुकानदार परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में राखियों की बिक्री कम होने से दुकानदार परेशान हो गए हैं। संक्रमण से बचाव रखने के लिए ग्राहक ऑनलाइन राखियां मंगा रहे हैं। इससे दुकानदारों को नुकसान झेलना पड़ सकता है। हर साल की तरह इस बार भी व्यापारियों ने राखियां का स्टाक पहले ही मंगाकर रख लिया था …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में राखियों की बिक्री कम होने से दुकानदार परेशान हो गए हैं। संक्रमण से बचाव रखने के लिए ग्राहक ऑनलाइन राखियां मंगा रहे हैं। इससे दुकानदारों को नुकसान झेलना पड़ सकता है। हर साल की तरह इस बार भी व्यापारियों ने राखियां का स्टाक पहले ही मंगाकर रख लिया था लेकिन बाजार में ग्राहक कम आ रहे हैं। ऑनलाइन बाजार में कॉम्बो पैक और ऑफर के साथ राखियां तैयार हैं। भैया-भाभी स्पेशल राखी हो या फिर उपहारों का कॉम्बो पैक, सभी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।

बाजार में आई लेडीज लुम्बा राखी
इस बार लोगों को लुभाने के लिए बाजार में लेडीज लुम्बा राखी आई है। इसकी कीमत बाजार में 300 रुपये तक है लेकिन कोरोना काल में इस राखी की बिक्री नहीं हो पा रही है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार खुल रहा है। इसको देखते हुए यह नई डिजाइन की राखियां मंगवाई थीं लेकिन ज्यादातर लोग अब ऑनलाइन ही राखियों की खरीदारी कर रहे हैं।

इन दिनों ग्राहक बाजार जाकर खरीदारी करने से बच रहे हैं। ऐसे में हमारी दुकानों पर लोग खरीदारी करने कम आ रहे हैं। जबकि लोग ऑनलाइन खरीदारी कर रहे हैं। -राकेश, दुकानदार, सिविल लाइंस

पहले दिन में चार से पांच हजार तक प्रतिदिन की बिक्री होती थी लेकिन इस बार 500 रुपये प्रतिदिन की राखी ही बेच पा रहे हैं। लोग इस बार ऑनलाइन बाजार का सहारा ले रहे हैं। -प्रदीप, दुकानदार, सिविल लाइंस

रक्षाबंधन पर सुबह 9:28 बजे के बाद से दिनभर राखियां बांध सकेंगी बहनें
रक्षाबंधन पर्व पर इस बार सुबह 9:28 बजे भद्रा का साया हटने के बाद बहनें भाईयों की कलाई पर दिन भर राखी बांध सकेंगी। ज्योतिषाचार्य सुमित कुमार मिश्र कहते हैं कि रक्षाबंधन सोमवार को पूर्णिमा व सर्वार्थ सिद्धि योग में पड़ रहा है। इससे भद्रा के बाद शुभ चौघड़िया में राखी बांधी जाएगी। सभी बहनें सुबह 9:28 बजे पर भद्रा समाप्त होने के बाद ही अपने भाइयों को राखी बांधें। हिंदू पंचांग के अनुसार श्रावण मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाता है।

इस बार रक्षाबंधन पर विशेष बात यह है कि पूर्णिमा के साथ सावन का आखिरी सोमवार भी इसी दिन पड़ रहा है। ज्योतिषाचार्य ने बताया कि शुभ चौघड़िया मुहूर्त 3 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से 11 बजे तक होगा। इस समय राखी बांधने के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त है। दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे के बीच लगातार चर लाभ व अमृत के तीन शुभ चौघड़िया मुहूर्त होंगे।

संबंधित समाचार