देहरादून: दो दिवसीय दौरे पर आज दून पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून आ रही हैं। उनके स्वागत की तैयारियां पूरी हो गई हैं। उनके आगमन के दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। यहां राष्ट्रपति नौ परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगी। राष्ट्रपति दोपहर बाद जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट उतरेंगी। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका अभिवादन करेंगे। 

यहां से वह हेलीकॉप्टर से जीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगी और राजभवन के लिए रवाना होंगी। शाम साढ़े छह बजे उनका मुख्यमंत्री आवास पर आगमन होगा। यहां उनके नागरिक अभिनंदन के साथ ही एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान राष्ट्रपति उपस्थित अतिथियों को संबोधित भी करेंगी। वहीं, विकास से संबंधित एक डाक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी। उनका रात्रि प्रवास राजभवन में होगा।

शुक्रवार को राष्ट्रपति राजभवन में नक्षत्र वाटिका का शुभारंभ करेंगी। मसूरी स्थित लाल बहादुर राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहां से वह दोपहर दो बजे देहरादून लौटेंगी। शाम चार बजे वह दून विवि के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। जिसके बाद दिल्ली रवाना हो जाएंगी।

संबंधित समाचार