हल्द्वानी: महिला फार्मेसिस्ट-लोहाघाट विधायक के बीच विवाद ने पकड़ा तूल
टनकपुर, अमृत विचार। लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात महिला फार्मासिस्ट के साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में फार्मासिस्टों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
मालूम हो कि लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात फार्मेसिस्ट किरन जोशी ने जिला फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व महिला आयोग को पत्र लिखकर विधायक पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। जिसमें कहा गया है कि विधायक द्वारा उनसे की गई अभद्रता व दुर्व्यवहार से उन्हें मानसिक कष्ट हुआ है।
टनकपुर जिला उप चिकित्सालय में गुरुवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन टनकपुर शाखा के आह्वान पर महिला फार्मासिस्ट से हुए दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। साथ ही इस मामले में सीएमओ से जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग उठाई गई है। अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। प्रदर्शन करने वालों में फार्मासिस्ट महेश चंद्र भट्ट, जगदीश सिंह कुंवर, बीपी पंत, प्रीतम लाल, संजय विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
विधायक ने आरोप को नकारा, लगाए प्रत्यारोप
लोहाघाट। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी का कहना है कि लंबे समय से उन्हें शिकायतें मिल रही थी कि लोहाघाट चिकित्सालय में तीन के स्थान पर छह फार्मेसिस्ट होने के बावजूद यहां समय से पहले दवा का काउंटर बंद कर दिया जाता है। डॉक्टर दूरदराज के रोगियों को पांच दिन की दवा लिखते हैं तो उन्हें फार्मेसिस्ट दो दिन की ही दवा देते हैं। चिकित्सालय में रोगी पहुंच जाते हैं लेकिन स्टाफ नहीं पहुंचता है। यहां ग्रामीण क्षेत्रों के तीन फार्मेसिस्ट को चिकित्सालय में संबंद किया हुआ है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर चिकित्सा अधीक्षक से वार्ता की तथा दुरदराज रोगियों को पांच दिन की दवाई देने में की जा रही आपत्ति का कारण जाना तो पता चला कि स्टोर की इन्चार्ज किरन जोशी ताला लगा कर पहले ही कहीं चली गई थी। विधायक का कहना है कि यहां कुछ लोगों ने संगठन की नेतागिरी की आड़ में चिकित्सालय को बंधक सा बनाया हुआ है।
