रुद्रपुर: जिला पंचायत बोर्ड बैठक में हंगामा, धांधली के लगाए आरोप
रुद्रपुर, अमृत विचार। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक इस बार भी हंगामेदार रही। कुछ सदस्यों ने पंचायत अध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए। इसके चलते आरोप-प्रत्यारोप के बीच बहसबाजी होती रही।
गुरुवार को पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार की मौजूदगी में पंचायत सदस्यों की बैठक प्रारंभ हुई। बैठक में काशीपुर के प्रतापपुर के पंचायत सदस्य विपिन कुमार और जसपुर के सदस्य सतीश कुमार ने पिछली बैठक के दौरान पंचायत सदस्यों को मिलने वाले बजट में से 25 फीसदी राशि को पंचायत को देने पर ऐतराज जताया।
आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से सदस्यों को विकास कार्यों के नाम पर कोई धनराशि नहीं मिली। पंचायत अध्यक्ष द्वारा 14 करोड़ की धनराशि कहां खर्च की गई, इसका हिसाब किताब अभी तक सदस्यों को नहीं दिया गया है। यह सुनकर बैठक में मौजूद विधायक प्रतिनिधि एवं पंचायत अध्यक्ष पति सुरेश गंगवार भड़क गए। उन्होंने पंचायत सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने नसीहत दी कि सदस्य पहले लेखा-जोखा पढ़ें, फिर आरोप लगाएं। बताया कि मामला 14 करोड़ का नहीं, बल्कि 2.83 करोड़ का है। जिसे सदस्यों को वितरित किया गया है। यह सुनकर दोनों सदस्यों के समर्थक में कुछ और सदस्य खडे़ हो गए। तो कुछ पंचायत सदस्य माहौल देखकर सवालों के जवाब पर हाथ खड़ा करने लगे।
आरोप-प्रत्यारोप और बहसबाजी के बीच अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने प्रस्ताव पढ़ सदन के सामने रखे। तेरह प्रस्तावों पर सदस्यों ने हामी भरकर सदन में प्रस्तावों को पारित करवाया। इस मौके पर चंद्रशेखर मुडैला,त्रिलोक सिंह,वीर सिंह,उदय सिंह,दुर्गेश कुमार,नीलम राणा,हरमिंदर कौर, सुमन सिंह,अमिता विश्वास,अजीत पाल सिंह,गंगा देवी,हरजस पाल सिंह,सतीश कुमार,विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।
