अल्मोड़ा: गल्ला विक्रेताओं ने ऑनलाइन कार्य बंद करने की दी धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। पर्वतीय सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के बिलों और इंटरनेट का खर्च न दिए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। गल्ला विक्रेताओं ने अपनी उपेक्षा के विरोध में शुक्रवार को नंदा देवी परिसर में धरना दिया और शीघ्र भुगतान न होने पर ऑनलाइन कार्य बंद करने की धमकी दी है। 
 

समिति के सदस्यों ने अपनी मांगों पर कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को नंदा देवी परिसर में धरना दिया। धरना सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वह लंबे समय से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के बिलों के भुगतान और इंटरनेट का खर्च दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

लेकिन इसके बाद भी सरकार उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व में अपर आयुक्त और खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ हुई बैठक में तय किया गया था कि नवंबर से गल्ला विक्रेताओं को नेट का खर्च दिया जाएगा। साथ ही उनके बिलों के भुगतान की कार्रवाई भी की जाएगी लेकिन अधिकारियों ने अपने आश्वासन के अनुरूप कोई कार्रवाई नहीं की।

संगठन के सदस्यों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनकी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन शुरू कर देंगे। धरना सभा में संजय साह, मनोज वर्मा, दिनेश गोयल, अभय साह, संदीप चंद्रा, भवान सिंह, दीपक साह, इंदर, केसर सिंह, नारायण सिंह, भूपाल सिंह, प्रकाश भट्ट, राजेंद्र सिंह, विष्णु लीला, खष्टी पंत, पान सिंह, दिनेश जोशी, देवेंद्र चौहान, विपिन तिवारी, बिशन सिंह, सुरेश सांगा, चंदन सिंह आदि विक्रेता मौजूद रहे। 

तहसील के पूर्ववत संचालन की मांग 
अल्मोड़ा। भारती जनता मजदूर संघ ने तहसील कार्यालय को पूर्व की भांति संचालित करने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी वंदना सिंह को एक ज्ञापन भी भेजा है। ज्ञापन में संगठन के सदस्यों ने कहा है कि तहसील समेत मल्ला महल में संचालित होने वाले सभी कार्यालयों को प्रशासन द्वारा जनता को विश्वास में लिए बिना पांडेखोला स्थित नवीन कलक्ट्रेट में स्थानांतरित कर दिया है। जिस कारण अब आम आदमी की समस्याएं बढ़ गई हैं। सबसे अधिक दिक्कतों का सामना दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों को करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि नवीन कलक्ट्रेट तक जाने के लिए वाहनों की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जिस कारण लोगों को वाहन बुक कराकर वहां पहुंचना पड़ रहा है। जिस कारण उनके समय और धन की बर्बादी हो रही है। संगठन ने मांग की है कि तहसील का संचालन पूर्व की भांति नगर स्थित मल्ला महल से की जाए। ज्ञापन में अथर इलाही, परवेज सलमानी, सिकंदर, फईम अहमद, ममता देवी आदि ने हस्ताक्षर किए हैं। 

संबंधित समाचार